साबरमती: हाईड्रोजन ट्रेन के बाद भारतीय रेलवे स्वच्छ और ईंधन-कुशल परिवहन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाने जा रहा है। देश की पहली एलएनजी (तरलीकृत प्राकृतिक गैस)-डीजल दोहरे ईंधन वाली ट्रेन रविवार से पटरी पर दौड़ने लगेगी। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह गुजरात के साबरमती में इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
रेलवे के अनुसार, दोहरे ईंधन वाली तकनीक के इस्तेमाल से डीजल की खपत में करीब 40 प्रतिशत तक कमी आने की उम्मीद है। इससे ईंधन लागत घटने के साथ-साथ कार्बन डाइऑक्साइड, नाइट्रोजन ऑक्साइड और पार्टिकुलेट मैटर जैसे प्रदूषकों के उत्सर्जन में भी कमी आने की संभावना है।
दो इंजनों को किया गया एलएनजी-डीजल प्रणाली में परिवर्तित
साबरमती इंटीग्रेटेड कोचिंग डिपो की 1,400-1,400 हॉर्सपावर क्षमता वाली दो ड्राइविंग पावर कारों को एलएनजी-डीजल दोहरे ईंधन प्रणाली में परिवर्तित किया गया है। इन दोनों पावर कारों का इस्तेमाल आठ कोच वाली ट्रेन के संचालन में किया जाएगा।
रेलवे का अनुमान है कि एलएनजी के इस्तेमाल से प्रत्येक इंजन पर सालाना करीब 11.9 लाख रुपये की ईंधन लागत बचाई जा सकती है। इस हिसाब से दोनों इंजनों से सालाना करीब 23.9 लाख रुपये की बचत होने का अनुमान है।
एलएनजी उपलब्ध नहीं होने पर डीजल से चलेगी ट्रेन
दोहरे ईंधन वाली प्रणाली को इस तरह विकसित किया गया है कि पारंपरिक डीजल इंजन की शक्ति, विश्वसनीयता और परिचालन क्षमता बरकरार रहे। इंजन आवश्यकता के अनुसार एलएनजी और डीजल दोनों ईंधनों का इस्तेमाल कर सकता है।
खास बात यह है कि यदि किसी स्थान पर एलएनजी उपलब्ध नहीं होती है, तो ट्रेन को डीजल पर चलाया जा सकेगा। इससे ईंधन की उपलब्धता से जुड़ी समस्या के कारण लंबी दूरी के परिचालन में संभावित रुकावट को कम करने में मदद मिलेगी।
1,542 करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं का भी उद्घाटन
अमित शाह साबरमती में इस दौरान 1,542 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न रेल परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे। इनमें करीब 700 करोड़ रुपये की लागत से तैयार डब्ल्यूएजी-12 इंजन रखरखाव शेड का उद्घाटन भी शामिल है।
एलएनजी आधारित ट्रेन को भारतीय रेलवे में वैकल्पिक ईंधन के इस्तेमाल की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इसके जरिए रेलवे का लक्ष्य ईंधन की खपत और परिचालन लागत को कम करने के साथ-साथ परिवहन क्षेत्र में प्रदूषण को घटाना है।

More Stories
बैंक ग्राहकों को बड़ी राहत: 28 से 30 सितंबर की तीन दिवसीय हड़ताल टली, आज सामान्य रूप से खुलेंगे बैंक
देशभर में भारी बारिश का कहर, कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात!
UP International Trade Show 2026 का आज आगाज, अमित शाह करेंगे उद्घाटन; 88 देशों के खरीदार होंगे शामिल