V India News

Web News Channel

एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित होंगे देश के नए वायुसेना प्रमुख, 31 अक्टूबर से संभालेंगे कमान

नई दिल्ली। एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायुसेना का नया प्रमुख नियुक्त किया गया है। वह भारतीय वायुसेना के 29वें चीफ ऑफ द एयर स्टाफ होंगे। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, उनकी नियुक्ति 31 अक्टूबर 2026 की दोपहर से प्रभावी होगी। वह वर्तमान वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह का स्थान लेंगे, जो 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

वर्तमान में एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित वाइस चीफ ऑफ द एयर स्टाफ के पद पर कार्यरत हैं। करीब चार दशक के अपने सैन्य करियर में उन्होंने वायुसेना के कई महत्वपूर्ण अभियानों और अभ्यासों में भूमिका निभाई है।

कई लड़ाकू विमानों को उड़ाने का अनुभव

एयर मार्शल दीक्षित को विभिन्न प्रकार के लड़ाकू और परिवहन विमानों को उड़ाने का व्यापक अनुभव है। उन्होंने मिराज-2000, MiG के विभिन्न संस्करणों, जगुआर, तेजस, हॉक, IL-78, An-32, एवरो, किरण और HPT-32 जैसे विमानों को उड़ाया है। वह एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट और क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर भी हैं।

उनके पास 3,500 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव है। अपने सेवा कार्यकाल के दौरान वह ऑपरेशन सफेद सागर, ऑपरेशन रक्षक, कोप-इंडिया और ऑपरेशन सिंदूर सहित कई महत्वपूर्ण अभियानों और सैन्य अभ्यासों में शामिल रहे हैं।

स्वदेशी तकनीक को बढ़ावा देने पर जोर

एयर मार्शल दीक्षित को भारतीय वायुसेना में स्वदेशी LCA तेजस और अन्य स्वदेशी विमान परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका के लिए जाना जाता है। ऐसे में उनके वायुसेना प्रमुख बनने के बाद आत्मनिर्भर भारत के तहत रक्षा उत्पादन और स्वदेशी सैन्य तकनीक को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

1986 में फाइटर स्ट्रीम में हुए थे शामिल

आशुतोष दीक्षित को 6 दिसंबर 1986 को भारतीय वायुसेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन मिला था। उन्होंने नेशनल डिफेंस एकेडमी, डिफेंस स्टाफ सर्विस कॉलेज (बांग्लादेश) और नेशनल डिफेंस कॉलेज से प्रशिक्षण एवं शिक्षा प्राप्त की है। लंबे और विविध सैन्य अनुभव के बाद अब वह 31 अक्टूबर से भारतीय वायुसेना की सर्वोच्च कमान संभालेंगे।