V India News

Web News Channel

नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में अतिथि शिक्षक को पेड़ से बांधकर पीटा, वीडियो वायरल

रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के ताल थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप के बाद एक अतिथि शिक्षक को पेड़ से बांधकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने शिक्षक के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। घटना 3 अक्टूबर 2026 की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, मुरैना जिले के ग्राम शेरपुर निवासी 21 वर्षीय युवक ताल तहसील क्षेत्र के एक स्कूल में अतिथि शिक्षक के रूप में कार्यरत है। आरोप है कि उसने कुछ दिन पहले एक नाबालिग छात्रा को एक स्थान पर बुलाकर उसके साथ छेड़छाड़ की। छात्रा के शोर मचाने पर परिजन और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए और शिक्षक को पकड़ लिया।

इसके बाद कुछ लोग शिक्षक को एक स्थान पर ले गए और उसे पेड़ से बांध दिया। वायरल वीडियो में कुछ लोग रस्सी और लकड़ी से शिक्षक की पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। शिक्षक रोते हुए उन्हें छोड़ने की गुहार लगाता नजर आ रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शिक्षक को लोगों के चंगुल से छुड़ाया।

छात्रा की शिकायत पर शिक्षक गिरफ्तार

पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर अतिथि शिक्षक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया था। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

शिक्षक की शिकायत पर मारपीट करने वालों पर केस

वहीं, शिक्षक ने भी ताल थाने में अपने साथ हुई मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। उसने पुलिस को बताया कि 3 अक्टूबर की दोपहर करीब डेढ़ बजे वह लंच के समय स्कूल से एक परिचित लड़की से मिलने गया था। करीब पौने तीन बजे रास्ते में दो लोगों ने उसे रोक लिया और गांव की लड़की से मिलने को लेकर गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगे।

शिक्षक के अनुसार, गाली देने से मना करने पर दोनों ने लकड़ी और रस्सी से उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने उसे धमकी दी कि यदि वह दोबारा गांव में किसी लड़की से मिलने आया तो उसे जान से खत्म कर देंगे। शिक्षक ने पुलिस को बताया कि वह आरोपियों को पहचानता नहीं है।

ताल थाना प्रभारी स्वराज डाबी ने बताया कि शिक्षक की शिकायत पर मारपीट करने वालों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। एएसपी रतलाम ग्रामीण विवेककुमार लाल ने कहा कि नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। वहीं, शिक्षक के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ भी मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।