V India News

Web News Channel

जबलपुर में भाजपा विधायक के साले की गोली मारकर हत्या, बिजली स्टेशन में मिला शव; वारदात से मचा हड़कंप

जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। पाटन थाना क्षेत्र के ननवारा गांव में शुक्रवार रात अज्ञात हमलावरों ने बिजली कंपनी में आउटसोर्स कर्मचारी गजेंद्र सिंह लोधी (40) की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने उनकी पीठ में गोली मारी और सिर पर भी हमला किया। गंभीर हालत में उन्हें मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। गजेंद्र सिंह सागर जिले की बंडा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी के साले थे।

बिजली स्टेशन में किया हमला, मोबाइल भी तोड़ा

जानकारी के अनुसार, गजेंद्र सिंह शुक्रवार रात ननवारा गांव स्थित बिजली स्टेशन पर मौजूद थे। इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनकी पीठ में गोली लगने के साथ सिर पर भी गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

विधायक ने निरस्त किए सभी कार्यक्रम

गजेंद्र सिंह की हत्या की खबर मिलते ही भाजपा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी ने शनिवार के अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम निरस्त कर दिए। इसके बाद वह जबलपुर मेडिकल अस्पताल पहुंचे। घटना से मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।

बिजली लाइन बंद करने को लेकर विवाद की आशंका

परिजनों के मुताबिक, बिजली काटने और लाइन बंद करने को लेकर गजेंद्र सिंह का गांव के कुछ लोगों से अक्सर विवाद होता रहता था। इस संबंध में उन्होंने अधिकारियों से शिकायत भी की थी। परिजनों ने इसी विवाद को घटना से जोड़कर आशंका जताई है। हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश और घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी संभावित पहलुओं से पड़ताल की जा रही है। उधर, घटना के बाद कांग्रेस ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं।