उज्जैन। जिले के माकड़ोन थाना क्षेत्र के सालनाखेड़ी गांव में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम पर आरोपियों ने हमला कर दिया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने घर की छतों से कर्मचारियों पर पत्थर बरसाए, जिससे जान बचाने के लिए टीम को मौके से पीछे हटना पड़ा। हमलावरों ने सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ करने के साथ जब्त की जा रही शराब, कर्मचारियों की नकदी, पर्स, पहचान पत्र और विभागीय दस्तावेज भी लूट लिए। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
शराब जब्त करने पहुंची टीम पर किया हमला
पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर को तराना आबकारी वृत्त की उपनिरीक्षक रानी सिंह अपनी टीम के साथ गश्त कर रही थीं। इसी दौरान सूचना मिली कि सालनाखेड़ी निवासी जगदीश चौहान (43) अवैध रूप से कच्ची शराब का कारोबार करता है और घर के सामने शराब के पाउच लेकर कहीं जाने की तैयारी में है।
सूचना मिलते ही आबकारी टीम जगदीश के घर पहुंची। तलाशी के दौरान उसके हाथ में मौजूद झोले से कच्ची शराब के पाउच बरामद हुए। टीम जब शराब जब्त करने लगी तो जगदीश ने अपने परिजनों और अन्य साथियों को आवाज देकर बुला लिया।
छतों से बरसाए पत्थर, सरकारी वाहनों में तोड़फोड़
आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों और साथियों ने आबकारी कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने घर की छतों से टीम पर पथराव किया। अचानक हुए हमले से बचने के लिए आबकारी आरक्षकों को मौके से भागना पड़ा।
इस दौरान हमलावरों ने वहां खड़े सरकारी वाहनों में भी तोड़फोड़ की। आरोप है कि आरोपियों ने जब्त की जा रही अवैध शराब के अलावा कर्मचारियों की नकदी, पर्स, आईडी कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण विभागीय दस्तावेज भी लूट लिए।
मुख्य आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार
घटना के बाद उपनिरीक्षक रानी सिंह की शिकायत पर माकड़ोन थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सालनाखेड़ी निवासी जगदीश चौहान और उसके 19 वर्षीय बेटे कुलदीप चौहान को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने शुक्रवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड की मांग की। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है और उनकी तलाश जारी है।

More Stories
सिंहस्थ-2028 से पहले PWD में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, पीएस पंत बने उज्जैन के नए चीफ इंजीनियर
उज्जैन में ई-रिक्शा की टक्कर से भाजपा नेता की मौत, CCTV आया सामने
बाबा महाकाल के दरबार पहुंचे केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, संध्या आरती में शामिल होकर लिया आशीर्वाद