V India News

Web News Channel

उज्जैन में ई-रिक्शा की टक्कर से भाजपा नेता की मौत, CCTV आया सामने

उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन में शनिवार शाम हुए सड़क हादसे में भाजपा नेता और मीडियाकर्मी लखन परमार (55) की दर्दनाक मौत हो गई। वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे, तभी सांदीपनि आश्रम के सामने एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, भैरवगढ़ के सिद्ध दरवाजा क्षेत्र निवासी लखन परमार शनिवार को किसी काम से पुराने शहर आए थे। शाम करीब 5 बजे वह अकेले बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सांदीपनि आश्रम के सामने तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

भाजपा के सक्रिय नेता और मीडियाकर्मी थे लखन परमार

लखन परमार के भतीजे अजय के अनुसार, वह भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता होने के साथ मीडियाकर्मी भी थे। भाजपा के झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ और मंडल स्तर पर उनकी सक्रिय भूमिका थी। उनके आकस्मिक निधन की खबर से भाजपा कार्यकर्ताओं और पत्रकार जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

CCTV फुटेज में कैद हुआ हादसा

हादसे के अगले दिन रविवार दोपहर घटना का CCTV फुटेज सामने आया, जिसमें ई-रिक्शा की टक्कर का पूरा घटनाक्रम कैद है। पुलिस ने पहले ही मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी थी। फुटेज सामने आने के बाद ई-रिक्शा चालक की पहचान और हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस की ओर से चालक के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।