उज्जैन। समाजसेवा का जज्बा उम्र और जीवन की सीमाओं से भी आगे होता है। इसकी मिसाल उज्जैन की 92 वर्षीय समाजसेवी सुशीला नागर ने पेश की है। निधन के बाद भी उन्होंने अपनी आंखों से किसी जरूरतमंद की जिंदगी में रोशनी पहुंचाने और देह से चिकित्सा शिक्षा में योगदान देने का संकल्प पूरा कराया। उनकी इच्छा के अनुसार परिजनों ने नेत्रदान कराया और आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज को पार्थिव शरीर दान किया। उनकी अंतिम विदाई के दौरान उज्जैन पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें सलामी दी।
मूल रूप से शाजापुर की रहने वाली सुशीला नागर खाराकुआं थाना क्षेत्र में रंगमहल धर्मशाला के सामने रहती थीं। वे अविवाहित थीं और पिछले करीब 20 वर्षों से उज्जैन में रह रही थीं। उन्होंने अपने जीवनकाल में ही नेत्रदान और देहदान की इच्छा व्यक्त कर दी थी। निधन के बाद परिजनों ने उनकी इस अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए उसे पूरा किया।
7 नवंबर को बिगड़ी थी तबीयत
परिजनों के अनुसार, 7 नवंबर को सुशीला नागर की तबीयत खराब हुई थी। इसके बाद उन्हें उज्जैन के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। उनके जाने के बाद भी परिवार ने उनके समाजसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए नेत्रदान और देहदान की प्रक्रिया पूरी कराई।
15 साल की उम्र में ब्रिटिशकाल में शुरू की थी नौकरी
सुशीला नागर का जीवन संघर्ष, शिक्षा और आत्मनिर्भरता की प्रेरक कहानी रहा। उनकी रिश्तेदार शारदा व्यास ने बताया कि उन्होंने महज 15 वर्ष की उम्र में ब्रिटिशकाल के दौरान नौकरी शुरू कर दी थी। उस समय वे पांचवीं कक्षा तक पढ़ी थीं, लेकिन शिक्षा के प्रति लगाव के चलते उन्होंने पढ़ाई जारी रखी। प्राइवेट माध्यम से आठवीं, 11वीं और बीए की परीक्षा पास करने के बाद हिंदी विषय में एमए तक की पढ़ाई पूरी की।
वे शासकीय शिक्षिका रहीं और पूरे जीवन आत्मनिर्भरता के साथ बिताया। समाजसेवा के क्षेत्र में भी उनका विशेष योगदान रहा। उन्होंने शुकताल तीर्थ, अंबोदिया सेवा धाम और उज्जैन के श्मशान घाट में जनसेवा के उद्देश्य से कमरों के निर्माण में सहयोग दिया था।
8 साल में 600 से अधिक नेत्रदान करा चुका है मुस्कान ग्रुप
मुस्कान ग्रुप के सेवादार तरुण रोचवानी ने बताया कि समूह लंबे समय से समाज में नेत्रदान के प्रति जागरूकता फैलाने का काम कर रहा है। पिछले आठ वर्षों में उज्जैन में 600 से अधिक नेत्रदान कराए जा चुके हैं। इसके साथ ही समूह देहदान और त्वचा दान के लिए भी लोगों को प्रेरित कर रहा है।
उन्होंने बताया कि सुशीला नागर का देहदान समूह का 32वां देहदान था। इस पुनीत कार्य में मुस्कान ग्रुप के साथ आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज, लायंस क्लब और जीवनदीप सोसायटी का भी सहयोग रहा।
सुशीला नागर का जीवन और उनका अंतिम संकल्प समाज को यह संदेश देता है कि इंसान अपने जाने के बाद भी दूसरों के जीवन में उम्मीद और रोशनी छोड़ सकता है।

More Stories
उज्जैन में सीएम मोहन यादव की पदयात्रा, कांग्रेस पर साधा निशाना!
रामकथा में पहुंचे सीएम मोहन यादव, मोरारी बापू ने बताया सहज स्वभाव का नेता
उज्जैन: महाकाल के दर्शन करने पहुंचे मोरारी बापू!