उज्जैन। मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले के नागदा स्थित भारत कॉमर्स स्कूल में छात्रों के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। स्कूल के प्राचार्य डॉ. कुंजबिहारी गुप्ता पर नौवीं और दसवीं कक्षा के आधा दर्जन से अधिक विद्यार्थियों को मुर्गा बनाकर पीटने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया है। एक पीड़ित छात्र के पिता ने शुक्रवार को बिरलाग्राम थाने पहुंचकर प्राचार्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की।
मुर्गा बनाकर करवाई उछलकूद, लात मारने का आरोप
वायरल वीडियो में प्राचार्य बच्चों को मुर्गा बनाकर स्कूल परिसर में उछलकूद करवाते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि ठीक से नहीं चल पाने पर वे बच्चों को लात मारते थे। इतना ही नहीं, विद्यार्थियों की कांटेदार डंडे से पिटाई किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के सामने आने के बाद अभिभावकों में नाराजगी है।
होमवर्क की कॉपी भूलने पर बेटे को बनाया मुर्गा
पीड़ित छात्र के पिता दिनेश सिसौदिया के मुताबिक, उनका बेटा नौवीं-बी में पढ़ता है। गुरुवार सुबह वह होमवर्क की कॉपी स्कूल ले जाना भूल गया था। इसी बात पर प्राचार्य ने उसे मुर्गा बनाया, उछलकूद करवाई और लात मारी। पिता ने कांटेदार डंडे से पिटाई किए जाने का भी आरोप लगाया है।
दिनेश सिसौदिया ने बताया कि बुधवार रात को भी प्राचार्य ने उनके बेटे और पड़ोस में रहने वाले एक अन्य विद्यार्थी के साथ मारपीट की थी। उस दौरान प्राचार्य उनके पड़ोसी सतीश वर्मा के घर दीपावली मिलने पहुंचे थे। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई में कमजोर बताते हुए कॉपियां मंगवाईं और अभिभावकों के सामने ही दोनों की पिटाई कर दी।
पिता का आरोप है कि शुक्रवार को जब वे मामले में बात करने स्कूल पहुंचे तो प्राचार्य ने कथित तौर पर कहा कि मैं ऐसा ही हूं और ऐसा ही करूंगा, अच्छा नहीं लगता तो बच्चे की टीसी निकलवा लीजिए। इस दौरान उनके साथ बदतमीजी भी की गई।
प्राचार्य बोले- स्कूल से हटाने की साजिश
आरोपों पर प्राचार्य डॉ. कुंजबिहारी गुप्ता ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उन्होंने बच्चों को लात से मारा नहीं, बल्कि ऊंचा किया था। उनके अनुसार, बच्चे पढ़ाई नहीं करते हैं और इस संबंध में अभिभावकों को भी जानकारी दी गई थी। उन्होंने पूरे घटनाक्रम को प्रायोजित बताते हुए कहा कि उन्हें स्कूल में काम नहीं करने देने के लिए ऐसा किया जा रहा है।
पुलिस और स्कूल प्रबंधन ने कही जांच की बात
बिरलाग्राम थाना प्रभारी जितेंद्र पाटीदार ने कहा कि मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्कूल प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष सुल्तानसिंह शेखावत ने भी चार्जशीट के आधार पर प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।
पहले भी लग चुके हैं अमानवीय व्यवहार के आरोप
जानकारी के मुताबिक, डॉ. कुंजबिहारी गुप्ता वर्ष 2022 में नवोदय विद्यालय से सेवानिवृत्त हुए थे और जुलाई 2025 से भारत कॉमर्स स्कूल में प्राचार्य के पद पर कार्यरत हैं। उनके कार्यकाल में दूसरी बार विद्यार्थियों के साथ कथित अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। इससे करीब 11 महीने पहले जनवरी में बाल नहीं कटवाने पर विद्यार्थियों के बाल काटने का मामला भी सामने आया था। उस समय स्कूल प्रबंधन समिति की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप है।
लगातार दूसरी बार इस तरह के आरोप सामने आने से स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। अब देखना होगा कि जांच के बाद प्राचार्य के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

More Stories
17 नवंबर को उज्जैन आएंगे मोरारी बापू, 900 श्रद्धालुओं के साथ करेंगे महाकाल दर्शन; खाकचौक में होगी रामकथा
500 रुपये हफ्ता नहीं देने पर परिवार से मारपीट, 11 केस वाले बदमाश का पुलिस ने निकाला जुलूस
बाबा महाकाल की भक्ति में लीन हुए पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना, भस्म आरती में शामिल होकर लिया आशीर्वाद