V India News

Web News Channel

17 नवंबर को उज्जैन आएंगे मोरारी बापू, 900 श्रद्धालुओं के साथ करेंगे महाकाल दर्शन; खाकचौक में होगी रामकथा

उज्जैन। महाकाल की नगरी उज्जैन एक बार फिर भक्ति और आध्यात्मिकता के रंग में रंगने जा रही है। प्रसिद्ध रामकथा वाचक संत मोरारी बापू 17 नवंबर को भारत स्वस्तिक यात्रा के तहत उज्जैन पहुंचेंगे। इस बार उनका आगमन स्टेट गेस्ट के रूप में होगा। उनके साथ दो स्पेशल ट्रेनों से करीब 900 श्रद्धालु भी शहर आएंगे। यात्रा के दौरान बाबा महाकाल के दर्शन, मां शिप्रा का पूजन और सांदीपनि आश्रम में पूजा-अर्चना के बाद खाकचौक में एक दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन होगा।

सांदीपनि आश्रम के सामने बनेगा 30 हजार वर्गफीट का डोम

कार्यक्रम संयोजक कैलाश चौहान और पुनीत नागर के अनुसार, रामकथा के लिए अंकपात रोड स्थित महर्षि सांदीपनि आश्रम के सामने खाकचौक में स्थान निर्धारित किया गया है। मान्यता है कि इसी आश्रम में भगवान श्रीकृष्ण और बलराम ने गुरु सांदीपनि से शिक्षा प्राप्त की थी। ऐसे ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व वाले स्थान पर मोरारी बापू की रामकथा श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण रहेगी।

आयोजन के लिए करीब पांच बीघा जमीन पर तैयारियां चल रही हैं। लगभग 30 हजार वर्गफीट क्षेत्र में पिलरलेस वाटरप्रूफ डोम बनाया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु आराम से कथा सुन सकें। परिसर में दो भोजनशालाओं की भी व्यवस्था की जा रही है। आयोजकों के मुताबिक, एक किसान ने आयोजन के लिए अपनी जमीन निःशुल्क उपलब्ध कराई है। पूरे कार्यक्रम पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

सुबह महाकाल दर्शन, 10 बजे से रामकथा

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मोरारी बापू सुबह 7:30 बजे स्पेशल ट्रेन से उज्जैन पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह 8 बजे बाबा महाकाल के दर्शन, अभिषेक और पूजन करेंगे। सुबह 8:30 बजे मां शिप्रा के दर्शन के बाद 9 बजे सांदीपनि आश्रम पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण और बलराम के दर्शन करेंगे। इसके बाद सुबह 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक श्रीराम कथा होगी।

कथा के बाद उनके साथ आए श्रद्धालुओं के लिए परिसर में भोजन की व्यवस्था रहेगी। इसके बाद दोपहर में स्पेशल ट्रेन से उनकी अगली यात्रा रवाना होगी। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम के लिए जिला प्रशासन से अनुमति भी ली जा चुकी है।

2023 में भी विशेष यात्रा पर आए थे उज्जैन

मोरारी बापू अब तक देश-विदेश में 900 से अधिक रामकथाएं कर चुके हैं। उज्जैन से उनका पुराना जुड़ाव रहा है। अगस्त 2023 में वे 12 ज्योतिर्लिंगों की विशेष रामकथा यात्रा ‘मानस-900’ के तहत स्पेशल ट्रेन से उज्जैन पहुंचे थे। उस दौरान उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन किए और सरस्वती स्कूल के पास रामकथा सुनाई थी। इससे पहले भी वे सिंहस्थ सहित कई धार्मिक आयोजनों में शामिल हो चुके हैं। अब 17 नवंबर को उनकी प्रस्तावित यात्रा और रामकथा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है।