V India News

Web News Channel

परफेक्ट बनने की दौड़ में न उलझें, जो आता है उसमें बेहतर करें: भुवन बाम

इंदौर। मशहूर यूट्यूबर, स्टैंडअप कॉमेडियन और अभिनेता भुवन बाम शुक्रवार को इंदौर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपने करियर, दोस्ती, जिंदगी और मनोरंजन की दुनिया से जुड़े कई दिलचस्प अनुभव साझा किए। भुवन का नया शो जल्द ही ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने जा रहा है, जिसमें अभिनेत्री संजीदा शेख भी अहम भूमिका में नजर आएंगी।

अपने काम और सफलता को लेकर भुवन ने कहा कि वह किसी एक क्षेत्र में परफेक्ट होने की दौड़ में शामिल नहीं होना चाहते। उन्होंने शास्त्रीय गायन सीखा है। अभिनय के साथ कंटेंट राइटिंग भी करते हैं, लेकिन उनका मानना है कि हर काम में थोड़ा-थोड़ा बेहतर होना ज्यादा जरूरी है। उनके मुताबिक, किसी एक चीज को परफेक्ट बनाने की कोशिश में व्यक्ति ओवरथिंकिंग का शिकार हो जाता है।

22 साल पुराने दोस्तों से आज भी कायम है रिश्ता

दोस्ती पर बात करते हुए भुवन ने बताया कि उनके पांच दोस्त ऐसे हैं, जिनके साथ उनका रिश्ता पिछले 22 साल से कायम है। ये सभी दोस्त उनकी प्रोफेशनल फील्ड से अलग हैं और अपने-अपने काम में व्यस्त रहते हैं। करीब पांच महीने में एक बार मुलाकात होती है, जिसमें पुराने किस्से, गिले-शिकवे और जिंदगी की बातें साझा होती हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि आजकल दोस्तों के बीच व्हाट्सएप पर ही गाली-गलौज हो जाती है। कॉलेज में उन्होंने दोस्त नहीं बनाए, क्योंकि बचपन जैसी बेफिक्र और बेवकूफियों भरी दोस्ती दोबारा मिलना मुश्किल है।

दिल कहे तो पहला कदम जरूर उठाएं

मनोरंजन जगत में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले युवाओं को भुवन ने सलाह दी कि शुरुआत करना ही सबसे मुश्किल काम होता है। मन में कई सवाल और आशंकाएं आती हैं, लेकिन अगर दिल किसी काम को करने के लिए कह रहा है तो पहला कदम उठा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो होगा, देखा जाएगा, इसी सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। भुवन ने यह भी बताया कि जब काम से फुर्सत मिलती है तो वह घूमने निकल जाते हैं। उन्हें यात्रा करना पसंद है और इससे दिमाग को नई ऊर्जा मिलती है।

संजीदा बोलीं- कॉमेडी में टाइमिंग सबसे अहम

अभिनेत्री संजीदा शेख ने कहा कि कलाकारों को अलग-अलग तरह के किरदार निभाने पड़ते हैं। किसी भी प्रोजेक्ट की सफलता में सेट का सकारात्मक माहौल महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कॉमेडी को चुनौतीपूर्ण विधा बताते हुए कहा कि इसमें टाइमिंग सबसे ज्यादा मायने रखती है। सही समय पर कही गई बात ही दर्शकों को हंसा पाती है, जबकि टाइमिंग बिगड़ने पर अच्छा संवाद भी अपना प्रभाव खो सकता है।