भोपाल। मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 24 नवंबर से पांच दिवसीय विदेश दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे सिंगापुर और दक्षिण कोरिया जाएंगे। दोनों देशों में मुख्यमंत्री निवेशकों, उद्योगपतियों और औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।
मुख्यमंत्री 23 नवंबर की रात भोपाल से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। इसके बाद दिल्ली से सिंगापुर और दक्षिण कोरिया की यात्रा करेंगे। इस दौरे में प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों का दल भी उनके साथ रहेगा। इसमें मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव, उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, प्रमुख सचिव आईटी एम. सेल्वेंद्रन, जनसंपर्क आयुक्त मनीष सिंह और मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम के प्रबंध संचालक चंद्रमौली शुक्ला सहित अन्य अधिकारी शामिल होंगे।
निवेश प्रस्तावों को जमीन पर उतारने की तैयारी
विदेश यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री दोनों देशों के निवेशकों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों से भी चर्चा प्रस्तावित है। इन बैठकों में मध्यप्रदेश में नए उद्योग स्थापित करने, निवेश के अवसर तलाशने और औद्योगिक सहयोग बढ़ाने पर बातचीत होगी।
सरकार का उद्देश्य भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) के दौरान मिले निवेश प्रस्तावों को वास्तविक परियोजनाओं में बदलना है। इसके लिए विदेशी कंपनियों को प्रदेश की औद्योगिक नीतियों, उपलब्ध संसाधनों, बुनियादी सुविधाओं और निवेश के अनुकूल वातावरण से अवगत कराया जाएगा।
विदेशी निवेश से खुलेंगे रोजगार के अवसर
मध्यप्रदेश सरकार इस दौरे के जरिए प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की कोशिश में है। सिंगापुर और दक्षिण कोरिया जैसे औद्योगिक एवं तकनीकी रूप से विकसित देशों के साथ सहयोग बढ़ने से विनिर्माण, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में नई संभावनाएं बन सकती हैं। अब नजर इस बात पर रहेगी कि मुख्यमंत्री की इस यात्रा से प्रदेश को कितने नए निवेश प्रस्ताव और औद्योगिक परियोजनाएं मिलती हैं।

More Stories
कटनी में ज्वैलरी शोरूम में 10 से 15 करोड़ की चोरी, दीवार में सेंध लगाकर घुसे चोर
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव आदित्य विजय सिंह का निधन, 83 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
भोपाल; शराब पीने से रोकने पर नाराज युवक पानी की टंकी पर चढ़ा, भाई के सामने दी जान!