उज्जैन। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी सुरेश रैना शुक्रवार तड़के धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचे। उन्होंने विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में सुबह होने वाली भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उनके साथ परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे।
सुरेश रैना तड़के करीब 4 बजे मंदिर पहुंचे। उन्होंने लगभग दो घंटे नंदी हॉल में बैठकर भगवान महाकाल का जाप और आराधना की। भस्म आरती के बाद उन्होंने देहरी से भगवान महाकाल का पूजन किया। इसके बाद नंदी जी का पूजन कर जल अर्पित किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
बोले- बाबा महाकाल के दरबार में मिली दिव्य अनुभूति
दर्शन के बाद सुरेश रैना ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि बाबा महाकाल के दर्शन कर उन्हें दिव्य अनुभूति हुई। यहां की ऊर्जा आज अलग ही स्तर की थी। यह उनके लिए बेहद खास और दिव्य अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल का आशीर्वाद सभी को एक उद्देश्य से जोड़ता है।
मंदिर समिति ने किया सम्मान
सुरेश रैना भस्म आरती में शामिल होने के लिए पहले इंदौर पहुंचे थे। वहां से सड़क मार्ग से उज्जैन आए। दर्शन और पूजन के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उनका स्वागत और सम्मान किया गया।
उल्लेखनीय है कि महाकालेश्वर मंदिर में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। फिल्म, खेल और अन्य क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियां भी बाबा महाकाल के दर्शन के लिए आती रहती हैं।

More Stories
बाबा महाकाल की शरण में पहुंचे क्रिकेटर उमेश यादव, भस्म आरती में शामिल होकर मांगी टीम इंडिया की जीत
उज्जैन में 60 साल की महिला 100 ग्राम MD ड्रग्स के साथ गिरफ्तार, कीमत 10 लाख रुपये
नीमच में लोकायुक्त का बड़ा एक्शन, 3 हजार की रिश्वत लेते होमगार्ड डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट गिरफ्तार