V India News

Web News Channel

उज्जैन में 60 साल की महिला 100 ग्राम MD ड्रग्स के साथ गिरफ्तार, कीमत 10 लाख रुपये

उज्जैन। मध्य प्रदेश में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के बीच उज्जैन में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। घट्टिया थाना क्षेत्र की पानबिहार पुलिस ने 60 वर्षीय महिला को 100 ग्राम MD ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तार महिला पहले भी NDPS एक्ट के मामले में 10 साल की सजा काट चुकी है।

स्कूटी की डिक्की में छिपा रखी थी ड्रग्स

पानबिहार चौकी प्रभारी प्रवेश जाटव के मुताबिक, बुधवार देर रात वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गरोठ हाईवे के पास पानबिहार-बच्चूखेड़ा रोड पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पानबिहार की ओर से उज्जैन जा रही एक स्कूटी को पुलिस ने रोककर तलाशी ली। स्कूटी की डिक्की खोलने पर उसमें छिपाकर रखी गई 100 ग्राम MD ड्रग्स बरामद हुई।

पुलिस ने स्कूटी सवार महिला को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान नजमा पति शब्बीर खान (60), निवासी आगर नाका, उज्जैन के रूप में हुई है। पूछताछ में महिला का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया। पुलिस के अनुसार, वह इंदौर में NDPS एक्ट के एक मामले में 10 साल की सजा काट चुकी है।

ताल के नय्यूम खान से लाई थी ड्रग्स

प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने बताया कि वह रतलाम जिले के ताल निवासी नय्यूम खान से MD ड्रग्स लेकर आई थी। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ड्रग्स की खेप कहां से लाई गई थी और इसे उज्जैन में किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस को इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश है।

पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/12 के तहत मामला दर्ज किया है। उसे न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की तैयारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के जरिए नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।