कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। माधवनगर थाना क्षेत्र स्थित किशना ज्वैलर्स के शोरूम को निशाना बनाते हुए बदमाश करोड़ों रुपये के सोने, चांदी और डायमंड के आभूषण लेकर फरार हो गए। चोरों ने शोरूम के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर वारदात को अंजाम दिया। चोरी की कीमत को लेकर शुरुआती अनुमान 10 से 15 करोड़ रुपये के बीच बताया जा रहा है।
दीवार में सेंध लगाकर शोरूम में दाखिल हुए चोर
जानकारी के मुताबिक, वारदात 12 नवंबर की सुबह करीब 4 से 7 बजे के बीच होने का अनुमान है। चोर शोरूम के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर घुसे और सेफ व डिस्प्ले काउंटरों में रखे कीमती आभूषण समेटकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा सहित कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
मालिक ने बताई 12 से 15 करोड़ की चोरी
चोरी की रकम को लेकर शोरूम संचालक और पुलिस के शुरुआती आंकड़ों में अंतर सामने आया है। शोरूम मालिक मोहन बजाज के मुताबिक, शोरूम में करीब 12 से 15 करोड़ रुपये तक के आभूषण रखे हुए थे। वहीं, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने शुरुआती आकलन में करीब 10 करोड़ रुपये की ज्वैलरी चोरी होने की बात कही है। वास्तविक नुकसान का आकलन आभूषणों के रिकॉर्ड और स्टॉक का मिलान करने के बाद स्पष्ट होगा।
CCTV और फॉरेंसिक जांच से तलाशे जा रहे सुराग
वारदात के बाद पुलिस ने शोरूम के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली है। आसपास के रास्तों और प्रमुख स्थानों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान का पता लगाया जा सके।
फॉरेंसिक टीम और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब चोरों की पहचान करने और चोरी गए आभूषणों की बरामदगी के प्रयास में जुटी है। करोड़ों की इस वारदात ने शहर के व्यापारियों और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

More Stories
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव आदित्य विजय सिंह का निधन, 83 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
भोपाल; शराब पीने से रोकने पर नाराज युवक पानी की टंकी पर चढ़ा, भाई के सामने दी जान!
भोपाल रेलवे स्टेशन पर 500 ग्राम कोकीन के साथ विदेशी महिला गिरफ्तार