उज्जैन। शहर के तलाई की पाल क्षेत्र में एक परिवार से हर महीने 500 रुपये की अवैध वसूली करने और विरोध करने पर मारपीट करने के आरोपी को पंवासा थाना पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का क्षेत्र में जुलूस भी निकाला गया। इस दौरान वह कान पकड़कर उठक-बैठक लगाता और अपराध न करने की नसीहत देता नजर आया। पुलिस ने शाम करीब 5 बजे उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
हर महीने 500 रुपये मांगता था आरोपी
मामले में तलाई की पाल निवासी सोना सोलंकी ने 21 अक्टूबर को पंवासा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, विजय उर्फ टोकन अपने साथियों के साथ उनके घर के सामने पहुंचा और मोहल्ले में रहने के एवज में हर महीने 500 रुपये देने की मांग की। परिवार ने रुपये देने से इनकार किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और सोना सहित उनके माता-पिता पर डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए पड़ोसी के साथ भी मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 11 मामले
पुलिस जांच में सामने आया कि 25 वर्षीय आरोपी विजय उर्फ टोकन पिता गंगाराम राठौर का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ वर्ष 2018 से 2026 के बीच मारपीट, धमकी, अवैध वसूली, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और आबकारी अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में 11 मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आबकारी अधिनियम के एक अन्य मामले में भी आरोपी को पकड़ा था। इसके बाद हफ्ता वसूली और मारपीट के प्रकरण में उसकी गिरफ्तारी की गई। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने क्षेत्र में उसका जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपी कान पकड़कर उठक-बैठक लगाते हुए चिल्लाता नजर आया- ‘अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है।’ इसके बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

More Stories
पढ़ाई नहीं करने पर छात्रों को बनाया मुर्गा, प्राचार्य ने लात मारी और कांटेदार डंडे से पीटा; वीडियो वायरल
17 नवंबर को उज्जैन आएंगे मोरारी बापू, 900 श्रद्धालुओं के साथ करेंगे महाकाल दर्शन; खाकचौक में होगी रामकथा
बाबा महाकाल की भक्ति में लीन हुए पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना, भस्म आरती में शामिल होकर लिया आशीर्वाद