अनूपपुर। जिले के भालूमाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सकोला के भर्राटोला में तालाब में डूबने से करीब 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक मछली पकड़ने के लिए तालाब गया था। आशंका जताई जा रही है कि बंसी में फंसी मछली निकालने के लिए पानी में उतरने के दौरान वह सिंघाड़े के पौधों में उलझ गया और बाहर नहीं निकल सका। सूचना पर पहुंची पुलिस ने SDRF की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद उसका शव तालाब से बाहर निकाला गया।
मृतक की पहचान मैकू भरिया पिता चरकू भरिया, निवासी भर्राटोला के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मैकू शुक्रवार सुबह घर से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित तालाब में मछली पकड़ने गया था। दोपहर करीब 12:30 से 1 बजे के बीच उसके डूबने की आशंका जताई गई। तालाब गहरा होने और उसमें सिंघाड़े की फसल लगी होने के कारण शव की तलाश में काफी परेशानी हो रही थी।
इसके बाद पुलिस ने जिला मुख्यालय अनूपपुर से SDRF की सहायता मांगी। स्टेट कमांड सेंटर भोपाल से दोपहर 1:50 बजे सूचना मिलने पर प्लाटून कमांडर राम नरेश भवेदी के नेतृत्व में तीन SDRF और चार होमगार्ड जवानों की टीम रवाना हुई। करीब 85 किलोमीटर की दूरी तय कर टीम घटनास्थल पहुंची। दोपहर 3:30 बजे रेस्क्यू शुरू हुआ और 3:45 बजे शव बरामद कर लिया गया।
SDRF प्रभारी के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि बंसी में मछली फंसने के बाद मैकू उसे निकालने के लिए पानी में उतरा होगा। इसी दौरान वह सिंघाड़े के पौधों में फंस गया। बताया गया कि उसके साथ मौजूद एक साथी ने उसे बचाने के लिए तालाब में उतरकर हाथ पकड़कर बाहर खींचने की कोशिश भी की, लेकिन सफलता नहीं मिली। खुद के डूबने का खतरा महसूस होने पर साथी बाहर निकल आया।
मैकू का शव तालाब के किनारे से करीब 7 से 8 मीटर दूर सिंघाड़े के पौधों में उलझा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।

More Stories
परफेक्ट बनने की दौड़ में न उलझें, जो आता है उसमें बेहतर करें: भुवन बाम
निवेश को जमीन पर उतारने सिंगापुर और दक्षिण कोरिया जाएंगे CM मोहन यादव, 24 नवंबर से पांच दिवसीय विदेश दौरा
कटनी में ज्वैलरी शोरूम में 10 से 15 करोड़ की चोरी, दीवार में सेंध लगाकर घुसे चोर