V India News

Web News Channel

उज्जैन: महाकाल के दर्शन करने पहुंचे मोरारी बापू!

उज्जैन। प्रसिद्ध रामकथा वाचक मोरारी बापू मंगलवार को अपनी स्वस्तिक यात्रा के दौरान धर्मनगरी उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद वे शिप्रा नदी के रामघाट पहुंचे, जहां उन्होंने मां शिप्रा का पूजन किया। बाद में आयोजित रामकथा में शामिल होकर हजारों श्रद्धालुओं को प्रभु श्रीराम की महिमा का श्रवण कराया।

महाकाल के दर्शन कर स्वयं को धन्य बताया

दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में मोरारी बापू ने कहा कि बाबा महाकाल के दर्शन कर वे स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज बाबा महाकाल ने प्रसन्न होकर दर्शन दिए और उनका आशीर्वाद प्राप्त हुआ। स्वस्तिक यात्रा के उद्देश्य पर उन्होंने बताया कि भगवान की प्रेरणा से शुरू हुई इस यात्रा का लक्ष्य वैदिक सनातन धर्म का संदेश देशभर में पहुंचाना है। जगद्गुरु आदि शंकराचार्य द्वारा स्थापित चार पीठों और उनके माध्यम से धर्म प्रचार से जुड़े स्थानों तक आध्यात्मिक संदेश पहुंचाना भी इस यात्रा का उद्देश्य है।

रामकथा जीवन को बेहतर बनाने का माध्यम

रामकथा के महत्व पर बापू ने कहा कि रामकथा संवाद का शास्त्र है, जो मनुष्य को जीवन में आगे बढ़ने और अपने आचरण को बेहतर बनाने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म से लोगों को जोड़ने के लिए ऐसी यात्राएं जरूरी हैं। इनमें पदयात्रा का विशेष महत्व है और यह आध्यात्मिक संदेश पहुंचाने का श्रेष्ठ माध्यम है।

जेन जी को दिया हनुमानजी के आदर्श अपनाने का संदेश

युवाओं को संदेश देते हुए मोरारी बापू ने कहा कि आज की जेन जी पीढ़ी को भगवान श्रीहनुमान को अपना आदर्श बनाना चाहिए। उनके आदर्शों पर चलने से युवाओं का भविष्य उज्ज्वल होगा और राष्ट्र का गौरव भी बढ़ेगा।

900 से अधिक स्थानों पर हो चुकी हैं रामकथाएं

मोरारी बापू की रामकथाएं देश-विदेश में 900 से अधिक स्थानों पर आयोजित हो चुकी हैं। इससे पहले अगस्त 2023 में वे 12 ज्योतिर्लिंगों की विशेष रामकथा यात्रा ‘मानस-900’ के अंतर्गत उज्जैन आए थे। उस दौरान उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन किए थे और सरस्वती स्कूल के समीप रामकथा सुनाई थी। सिंहस्थ सहित कई धार्मिक आयोजनों में भी उनकी उपस्थिति रही है।

देशभर से पहुंचे श्रद्धालु

उज्जैन में मोरारी बापू की रामकथा सुनने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों में उनके प्रत्यक्ष दर्शन और कथा श्रवण को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया। श्रद्धालुओं का कहना था कि उज्जैन में बापू की कथा होने की जानकारी मिलते ही उन्होंने यहां आने की योजना बना ली थी। उनके अनुसार, रामकथा सुनने के साथ मोरारी बापू के दर्शन का अवसर मिलना उनके लिए यादगार अनुभव रहा।