V India News

Web News Channel

रामकथा में पहुंचे सीएम मोहन यादव, मोरारी बापू ने बताया सहज स्वभाव का नेता

उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन में मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सांदीपनि आश्रम के सामने आयोजित रामकथा में पहुंचकर कथा श्रवण किया। प्रसिद्ध रामकथा वाचक मोरारी बापू भारत स्वस्तिक यात्रा के तहत करीब 900 श्रद्धालुओं के साथ विशेष ट्रेन से उज्जैन पहुंचे हैं। कथा के दौरान मोरारी बापू ने मुख्यमंत्री को आशीर्वाद देते हुए उनके सहज स्वभाव की सराहना की।

मोरारी बापू ने कहा कि मोहन यादव सहज हैं। किसी राज्य का राजा स्वयं धर्मसभा में पहुंचे तो इसे शुभ संकेत समझना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री की मौजूदगी को धर्म और आध्यात्मिकता के प्रति सम्मान का प्रतीक बताया।

रामकथा समाज को जोड़ने का माध्यम: मुख्यमंत्री

रामकथा में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्रद्धालुओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि रामकथा समाज को जोड़ने और लोगों को धर्म-अध्यात्म की दिशा में प्रेरित करने का सशक्त माध्यम है। सनातन धर्म को विश्व का सर्वश्रेष्ठ धर्म बताते हुए उन्होंने कहा कि इसकी परंपराएं और संस्कार मानव जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं।

गोपालन और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रही सरकार

मुख्यमंत्री ने हिंदू धर्म में गोपालन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारी सरकार गोपालन को प्रोत्साहित करने और गौशालाओं के निर्माण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इससे न केवल दूध उत्पादन में वृद्धि होगी, बल्कि किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। साथ ही गोपालन के माध्यम से प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का संरक्षण समाज की जिम्मेदारी है। रामकथा जैसे आयोजन लोगों में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं।