V India News

Web News Channel

उज्जैन में सीएम मोहन यादव की पदयात्रा, कांग्रेस पर साधा निशाना!

उज्जैन। भारतीय जनता पार्टी की नगर जिला और ग्रामीण इकाई के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को उज्जैन में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी इस पदयात्रा में शामिल हुए। यात्रा शहीद पार्क से शुरू होकर सांदीपनि चौराहे पर संपन्न हुई। इससे पहले आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक गरीब चाय वाला प्रधानमंत्री बनकर देश चलाए तो कांग्रेस का दिमाग खराब हो जाता है।

लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी निभाएं जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए सभी को अपनी भूमिका निभानी चाहिए। कार्यकर्ताओं को जहां भी अवसर मिले, उन्हें लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने उज्जैन की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि अवंतिका नगरी से देश-दुनिया में सकारात्मक संदेश जा रहा है।

सीएम ने राजा विक्रमादित्य का उल्लेख करते हुए कहा कि लगभग 2000 साल पहले इसी उज्जयिनी से लोकतांत्रिक मूल्यों की लड़ाई का संदेश दिया गया था। राजा विक्रमादित्य की 32 पुतलियों में विशेष गुणों का वर्णन मिलता है। उन्होंने जनता के साथ मिलकर न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों को महत्व दिया था।

चुनाव आयोग के बिना चुनाव कैसे संभव

मुख्यमंत्री ने चुनाव आयोग और मतदाता सूची को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव कराने की जिम्मेदारी चुनाव आयोग की है। आयोग के बिना चुनाव कराना कैसे संभव है? मतदाता सूची में मृत व्यक्तियों के नाम हटने चाहिए। यदि किसी मतदाता का नाम पांच स्थानों पर दर्ज है तो उसे भी ठीक किया जाना जरूरी है।

उन्होंने कांग्रेस पर पश्चिम बंगाल में हार के बाद हंगामा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की दोहरी नीति अब नहीं चलने वाली। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि छलनी सुई से कह रही है कि तेरे छेद गिन ले कितने हैं।

कांग्रेस पर 90 सरकारें गिराने का आरोप

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि संविधान लागू होने के बाद पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उसमें संशोधन शुरू कर दिए थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में करीब 90 सरकारें गिराईं। यह पाप कांग्रेस के माथे पर लिखा है। सीएम ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने का सबसे पवित्र मंच लोकसभा है, लेकिन कांग्रेस वहां अपनी बात रखने के बजाय लोकतंत्र पर सवाल उठाती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 56 इंच के नरेंद्र मोदी को जहां बोलने के लिए बुलाया जाएगा, वे वहां पहुंचेंगे और पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर काम करने और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों से प्रेरणा लेने की अपील की। इस दौरान उन्होंने अटलजी की कविता की पंक्तियां भी दोहराईं- ‘क्या हार में, क्या जीत में, किंचित नहीं भयभीत मैं।’

सफाई मित्रों को 5-5 हजार रुपये की सम्मान राशि

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गीता भवन में आयोजित सफाई मित्र सम्मान समारोह में भी हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक सफाई मित्र को 5,000 रुपये की सम्मान राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब शहर के लोग सो रहे होते हैं, तब सफाई मित्र पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने काम में जुटे रहते हैं। शहर को स्वच्छ रखने और नागरिकों को स्वस्थ वातावरण देने में उनकी भूमिका अतुलनीय है। उन्होंने सफाई मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए उनका अभिनंदन किया।

होटल कारोबारियों के लिए बनेगा स्पेशल सेल

होटल व्यवसायियों के साथ चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने उज्जैन में होटल कारोबार से संबंधित सभी अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) और अनुमतियां एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के लिए स्पेशल सेल बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से सिंगल विंडो सिस्टम तैयार किया जाएगा, जिससे होटल संचालकों को अलग-अलग विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और एक ही स्थान पर आवश्यक अनुमतियां मिल सकेंगी।

मुख्यमंत्री ने उज्जैन में पर्यटन और होटल उद्योग के विस्तार की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2016 में शहर में होटलों के कमरों की संख्या 570 थी, जो वर्ष 2028 तक बढ़कर 16,500 होने का अनुमान है। इसके अलावा पंचक्रोशी मार्ग के 118 किलोमीटर लंबे रास्ते पर स्थित सभी पड़ावों को पर्यटक ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और व्यवसाय के नए अवसर भी पैदा होंगे।