आगर मालवा। मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के नलखेड़ा में शादी समारोह के बाद फेंका गया बचा हुआ खाना गोवंश के लिए जानलेवा साबित हुआ। कथित तौर पर इस भोजन को खाने से पांच गायों की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य गायों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद हिंदू संगठनों में आक्रोश फैल गया। संगठनों ने शिवाजी चौराहे पर धरना-प्रदर्शन कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के मुताबिक, नलखेड़ा निवासी अयान पुत्र अली हुसैन लखेरा के घर शादी समारोह आयोजित किया गया था। समारोह में शाकाहारी और मांसाहारी दोनों तरह के व्यंजन बनाए गए थे। आरोप है कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बचे हुए भोजन का उचित निस्तारण करने के बजाय उसे खुले में फेंक दिया गया। इसी भोजन को खाने के बाद 20 से अधिक गोवंश की तबीयत बिगड़ गई।
पांच गायों की मौत, 16 का उपचार जारी
स्थानीय लोगों ने गायों की बिगड़ती हालत देखकर पशु चिकित्सकों को सूचना दी। इसके बाद डॉ. संदीप नागर के नेतृत्व में पहुंची चिकित्सकों की टीम ने बीमार गोवंश का उपचार शुरू किया। हालांकि, उपचार के दौरान पांच गायों की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य की हालत नाजुक बताई जा रही है।
हिंदू संगठनों ने दिया धरना, पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना की जानकारी मिलने पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने शिवाजी चौराहे पर प्रदर्शन किया। उन्होंने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए नलखेड़ा थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अली हुसैन के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
सीधी में दिल दहला देने वाली वारदात, पिता ने पत्नी और बेटी पर किया चाकू से हमला; मासूम की मौत
परफेक्ट बनने की दौड़ में न उलझें, जो आता है उसमें बेहतर करें: भुवन बाम
मछली पकड़ने तालाब में उतरा व्यक्ति, सिंघाड़े के पौधों में उलझकर मौत; SDRF ने 15 मिनट में निकाला शव