V India News

Web News Channel

सीधी में दिल दहला देने वाली वारदात, पिता ने पत्नी और बेटी पर किया चाकू से हमला; मासूम की मौत

मध्य प्रदेश के सीधी जिले में पारिवारिक विवाद के बीच एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रामपुर थाना क्षेत्र के ममदर गांव में एक युवक ने अपनी पत्नी और सात वर्षीय बेटी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल बेटी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद आरोपी ने खुद को भी घायल कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, ममदर तालाब के पास झोपड़ी बनाकर रहने वाले उमेश केवट ने मंगलवार को अपनी पत्नी सावित्री केवट और सात वर्षीय बेटी ऋतु पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से परिवार में चीख-पुकार मच गई। हमले में मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसके बाद आरोपी ने खुद को भी चोट पहुंचाई।

रीवा अस्पताल में बच्ची ने तोड़ा दम

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया गया। बच्ची ऋतु की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रीवा स्थित संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। वहीं, आरोपी उमेश और उसकी पत्नी सावित्री का उपचार जारी है।

पत्नी के बयान से खुलेगा घटना का राज

रामपुर थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय के अनुसार, घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पत्नी की हालत में सुधार होने के बाद उसके बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद ही हमले के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।