V India News

Web News Channel

उज्जैन में वैकुंठ चतुर्दशी पर हुआ हरिहर मिलन, बाबा महाकाल ने भगवान विष्णु को सौंपा सृष्टि संचालन का दायित्व

उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन में वैकुंठ चतुर्दशी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और परंपरा के अनूठे संगम के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर महाकाल और भगवान द्वारकाधीश गोपाल के बीच सदियों पुरानी हरिहर मिलन की परंपरा निभाई गई। आधी रात को बाबा महाकाल सवारी के रूप में गोपाल मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान श्रीहरि विष्णु को सृष्टि के संचालन का दायित्व पुनः सौंपा। इस अलौकिक परंपरा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े।

कार्तिक शुक्ल चतुर्दशी की रात करीब 11 बजे श्री महाकालेश्वर मंदिर से हरिहर मिलन की पारंपरिक सवारी निकाली गई। बाबा महाकाल श्री मनमहेश स्वरूप में रजत पालकी पर विराजमान होकर महाकाल चौराहा, गुदरी चौराहा और पटनी बाजार होते हुए गोपाल मंदिर पहुंचे। यहां विधि-विधान से दोनों देवताओं का पूजन-अर्चन किया गया। चातुर्मास की समाप्ति के बाद बाबा महाकाल ने भगवान गोपाल को सृष्टि संचालन का कार्यभार सौंपने की परंपरा निभाई।

शिव को तुलसी और विष्णु को चढ़ाई बिल्वपत्र की माला

हरिहर मिलन की सबसे विशेष परंपरा में दोनों देवताओं को एक-दूसरे की प्रिय सामग्री अर्पित की गई। बाबा महाकाल की ओर से भगवान गोपाल को बिल्वपत्र की माला भेंट की गई, जबकि भगवान श्रीहरि विष्णु की ओर से बाबा महाकाल को तुलसी की माला अर्पित की गई। यह आयोजन शैव और वैष्णव परंपराओं के बीच एकता और समन्वय का संदेश देता है।

भस्म आरती में भी दिखा हरिहर मिलन का दिव्य स्वरूप

वैकुंठ चतुर्दशी की सुबह श्री महाकालेश्वर मंदिर में होने वाली भस्म आरती में भी हरिहर मिलन की विशेष झलक देखने को मिली। इस दौरान भगवान महाकाल के साथ भगवान विष्णु का भी विशेष पूजन किया गया। बाबा महाकाल का वैष्णव स्वरूप में विशेष श्रृंगार हुआ। उनके मस्तक पर वैष्णव तिलक लगाया गया और गले में तुलसी की माला धारण कराई गई। इसके बाद भस्म आरती संपन्न हुई और श्रद्धालुओं ने दिव्य दर्शन किए।

शैव-वैष्णव एकता का प्रतीक है हरिहर मिलन

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, देवशयनी एकादशी पर भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं। इस अवधि में सृष्टि के संचालन का दायित्व भगवान शिव संभालते हैं। देवउठनी एकादशी के बाद वैकुंठ चतुर्दशी पर भगवान शिव पुनः यह जिम्मेदारी भगवान विष्णु को सौंपते हैं। उज्जैन में निभाई जाने वाली यह परंपरा इस संदेश को दर्शाती है कि शिव और विष्णु अलग नहीं, बल्कि एक ही परम तत्व के दो स्वरूप हैं।