V India News

Web News Channel

सिंहस्थ-2028 से पहले PWD में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, पीएस पंत बने उज्जैन के नए चीफ इंजीनियर

उज्जैन। सिंहस्थ-2028 के भव्य आयोजन की तैयारियों को गति देने के लिए मध्यप्रदेश शासन ने लोक निर्माण विभाग (PWD) में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। शुक्रवार को जारी आदेश के तहत विभाग के कई अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। इस फेरबदल में उज्जैन के तीन अधिकारी भी शामिल हैं। सबसे महत्वपूर्ण बदलाव के तहत ब्रिज शाखा में कार्यपालन यंत्री के पद पर कार्यरत पीएस पंत को उज्जैन का नया चीफ इंजीनियर नियुक्त किया गया है।

अब तक सिंहस्थ-2028 के महत्वपूर्ण पुलों के निर्माण की जिम्मेदारी संभाल रहे पीएस पंत को अब पूरे उज्जैन संभाग के लोक निर्माण विभाग के कार्यों की कमान सौंपी गई है। राज्यपाल के नाम से उपसचिव प्रदीप जैन द्वारा जारी आदेश को सिंहस्थ से पहले विभागीय व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

सिंहस्थ के प्रमुख पुलों के निर्माण में निभाई अहम भूमिका

ब्रिज शाखा में कार्यपालन यंत्री रहते हुए पीएस पंत सिंहस्थ-2028 के लिए प्रस्तावित प्रमुख सेतु निर्माण कार्यों की निगरानी कर रहे थे। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा को लेकर उनकी सक्रियता चर्चा में रही है। वे कलेक्टर और सिंहस्थ मेला अधिकारी के साथ निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर पाइल, पियर और स्लैब निर्माण की प्रगति का जायजा लेते रहे हैं।

रेलवे, PHE और नगर निगम से करते रहे समन्वय

निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए पंत रेलवे, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) और नगर निगम के अधिकारियों के साथ समन्वय करते रहे हैं। जमीन अधिग्रहण और पाइपलाइन शिफ्टिंग जैसे तकनीकी एवं प्रशासनिक मामलों के समाधान पर भी उनका विशेष ध्यान रहा है।

तय समय-सीमा में निर्माण पूरा कराने पर जोर

सिंहस्थ के प्रमुख पुलों के निर्माण को लेकर पंत ने अलग-अलग चरणों के लिए समय-सीमा निर्धारित की थी। इसके तहत फरवरी तक पाइल, जुलाई तक स्लैब और दिसंबर तक ब्रिज निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। अब उज्जैन के चीफ इंजीनियर के रूप में उनकी जिम्मेदारी बढ़ने के बाद पूरे संभाग में सड़क, पुल और अन्य निर्माण परियोजनाओं की निगरानी भी उनके दायरे में आएगी।

सिंहस्थ-2028 में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने की संभावना को देखते हुए मजबूत सड़क और पुल नेटवर्क तैयार करना प्रशासन की प्राथमिकता है। ऐसे में पीएस पंत की नई नियुक्ति को सिंहस्थ की निर्माण तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।