V India News

Web News Channel

UP International Trade Show 2026 का आज आगाज, अमित शाह करेंगे उद्घाटन; 88 देशों के खरीदार होंगे शामिल

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के उद्योगों और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने के उद्देश्य से UP International Trade Show 2026 का आज से आगाज होने जा रहा है। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्स्पो मार्ट एंड सेंटर में आयोजित होने वाले ट्रेड शो के चौथे संस्करण का उद्घाटन शुक्रवार सुबह 11 बजे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे।

आयोजन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया गया है। गुरुवार को गृह मंत्रालय की टीम ने इंडिया एक्स्पो मार्ट पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान हेलीकॉप्टर की लैंडिंग भी कराई गई।

75 जिलों के उत्पादों को मिलेगा वैश्विक मंच

प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) विभाग के मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने बताया कि चार दिवसीय ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश के 75 जिलों के स्थानीय उत्पादों को एक ही मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा। ‘लोकल फॉर ग्लोबल’ की थीम के तहत प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प और औद्योगिक उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।

इस बार वियतनाम, जापान, सिंगापुर, रूस, ऑस्ट्रिया और बेलारूस को पार्टनर कंट्री के रूप में शामिल किया गया है।

88 देशों के 600 खरीदार और प्रतिनिधि होंगे शामिल

आयोजकों के मुताबिक ट्रेड शो में करीब 88 देशों से 600 अंतरराष्ट्रीय खरीदार और प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इससे उत्तर प्रदेश के कारोबारियों और निर्यातकों को विदेशी बाजारों में नए कारोबारी अवसर तलाशने का मौका मिलेगा।

ट्रेड शो में बिजनेस विजिटर्स के लिए सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है, जबकि आम जनता के लिए दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक प्रवेश निशुल्क रहेगा।

550 CCTV कैमरे और ड्रोन से निगरानी

ट्रेड शो में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आयोजन स्थल को 9 जोन और 20 सेक्टर में बांटा गया है। पूरे परिसर की निगरानी के लिए करीब 550 CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा ड्रोन के जरिए भी पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था में सात डीसीपी, 14 एडीसीपी, 38 एसीपी, 80 इंस्पेक्टर, 300 उपनिरीक्षक, 40 महिला उपनिरीक्षक और करीब 1,500 कांस्टेबल तैनात रहेंगे। महिला सुरक्षा के लिए 150 महिला कांस्टेबल अलग से ड्यूटी पर रहेंगी।

इसके अलावा पीएसी की सात कंपनियां और आरएएफ की एक कंपनी भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेगी।

ट्रैफिक व्यवस्था के लिए भी विशेष इंतजाम

ट्रेड शो के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। ट्रैफिक व्यवस्था की जिम्मेदारी तीन एसीपी ट्रैफिक, 10 ट्रैफिक इंस्पेक्टर, 20 यातायात उपनिरीक्षक और करीब 450 ट्रैफिक कांस्टेबलों के पास रहेगी।

आयोजन स्थल के आसपास वाहनों की आवाजाही और पार्किंग को लेकर भी विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि ट्रेड शो में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे आकर्षण का केंद्र

ट्रेड शो में कारोबार के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की कला और संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। उद्घाटन समारोह में बागपत की रश्मी आर्य की ओर से शंख वादन और स्वस्ति वाचन किया जाएगा।

इसके अलावा लखनऊ की लोक गायिका मालविका हरिओम, मथुरा की लोक नृत्य कलाकार सीमा मोरवाल, लखनऊ की कथक कलाकार आकांक्षा श्रीवास्तव और मुंबई की आकांक्षा त्रिपाठी भजनों की प्रस्तुति देंगी।

कारोबार और संस्कृति का संगम बनेगा ट्रेड शो

चार दिनों तक चलने वाला UP International Trade Show उत्तर प्रदेश के उद्यमियों, निर्यातकों, खरीदारों और निवेशकों के लिए एक बड़ा कारोबारी मंच होगा। एक ओर जहां प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, वहीं दूसरी ओर देश-विदेश से आने वाले प्रतिनिधियों को उत्तर प्रदेश की संस्कृति और विविधता से भी परिचित कराया जाएगा।