V India News

Web News Channel

उज्जैन: विधानसभा के बाद अब लोकसभा चुनाव में फिरोजिया-परमार फिर आमने-सामने!

उज्जैन. लंबे इंतजार के बाद कांग्रेस ने शनिवार देर रात उज्जैन-आलोट लोकसभा सीट पर तराना विधायक महेश परमार को प्रत्याशित घोषित कर दिया है। परमार का मुकाबला अब भाजपा प्रत्याशी व वर्तमान सांसद अनिल फिरोजिया से होगा। यह दूसरा मौका होगा, जब परमार और फिरोजिया आमने-सामने चुनाव लड़ेंगे। तराना विधानसभा क्षेत्र में 2018 में परमार और फिरोजिया आमने-सामने हो चुके हैं।

विधायक परमार को लोकसभा का टिकट मिलने की अटकलें पहले से थीं। देर रात उनके नाम की अधिकृत घोषणा कर पार्टी ने इस पर मुहर लगा दी। जिला पंचायत से लेकर नगर निगम महापौर और विधानसभा जैसे कई चुनाव लड़ चुके परमार के लिए लोकसभा में उतरने का यह पहला मौका है। उनके नाम की घोषणा होते ही कांग्रेस के साथ भाजपा में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। कहा यह भी जा रहा है कि परमार को मैदान में उतारकर कांग्रेस ने चुनाव को रोमांचक बना दिया है।

विधानसभा के बाद लोकसभा में मुकाबला

विधानसभा चुनाव २०१८ में तराना सीट पर भाजपा के अनिल फिरोजिया और कांग्रेस के महेश परमार आमने-सामने हुए थे। तब फिरोजिया सिटिंग एमएलए थे। परमार करीब २ हजार वोटों से उन्हें हराकर विधायक बने थे। वर्ष २०२३ में हुए विधानसभा चुनाव में परमार ने भाजपा के ताराचंद गोयल को हराकर दोबारा तराना विधायक बने। अब लोकसभा का टिकट मिलने के चलते एक बार फिर फिरोजिया व परमार आमने-सामने हो रहे हैं।