V India News

Web News Channel

MP/सागर; आचार्य विद्यासागर जी महाराज के नाम पर खुलेगा आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज!

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज सागर में वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय का शुभारंभ किया और सागर में जैन संत आचार्य विद्यासागर जी के नाम पर आयुर्वेदिक कॉलेज खोलने की घोषणा की। साथ ही कई विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सागर में वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय का शुभारंभ करते हुए कहा हमारी सरकार ने शौर्य और पराक्रम की प्रतिमूर्ति रानी अवंतीबाई लोधी जी के नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना की है। हमने नई शिक्षा नीति लागू की है। नई शिक्षा नीति में वह सब जोड़ा गया है जिसके कारण से अतीत का गौरवशाली पृष्ठ मजबूत हुआ। अगले इसी सत्र से हमारा विश्वविद्यालय काम काज करना शुरू करेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बच्चों के बेहतर भविष्य को अंकित करते हुए कहा कि यहां के बच्चे जो- जो पाठ्यक्रम चाहेंगे वह सारे के सारे पाठ्यक्रम रानी अवंती बाई विश्वविद्यालय में खोले जाएंगे। सागर ने शिक्षा के मामले में प्रदेश का ही नहीं पूरे देश का नेतृत्व किया है। सागर को हम वह गौरव दिलाकर रहेंगे।

एक दिन पूर्व ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान डोंगरगढ़ में आचार्य श्री विद्यासागर महाराज की जैन तीर्थक्षेत्र चंद्रगिरी डोंगरगढ़ में स्थित समाधि के दर्शन कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए थे। और आज सागर में बनने वाले आयुर्वेदिक कॉलेज को उनके नाम से करने की घोषणा की है। जन सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आचार्य श्री विद्यासागर महाराज, जैन समाज के नहीं, बल्कि पूरे भारत और विश्व के संत थे, जिन्होंने जगत के कल्याण की कामना हमेशा की है।”कल मैंने डोंगरगढ़ पहुंच कर आचार्य श्री की समाधि स्थल के दर्शन कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। आज मैं घोषणा करता हूं कि सागर में बनने वाले नये आयुर्वेदिक कॉलेज का नाम “आचार्य विद्यासागर जी महाराज” के नाम पर होगा। मख्यमंत्री की इस सौगात से समूचे जैन समाज में हर्ष है।