V India News

Web News Channel

उज्जैन: लापरवाही ने ली गाय की जान!

उज्जैन के आगर रोड स्थित नक्षत्र गार्डन के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां लापरवाही के चलते करंट फैलने से एक गाय की मौत हो गई। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया, क्योंकि यह क्षेत्र कॉलोनियों का मुख्य मार्ग है और रोजाना बड़ी संख्या में लोग यहां से गुजरते हैं।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब सात बजे यहां सीवरेज लाइन का काम चल रहा था। काम के दौरान ठेकेदार के कर्मचारियों ने डीपी (डिस्ट्रिब्यूशन पॉइंट) से अवैध रूप से बिजली कनेक्शन लिया था। आरोप है कि काम समाप्त होने के बाद जिम्मेदार कर्मचारियों ने बिजली के तार हटाने की जहमत नहीं उठाई, जिससे गीली सड़क और निर्माण स्थल पर करंट फैल गया।

इस खतरनाक स्थिति का पता तब चला जब एक गाय वहां पहुंची और करंट की चपेट में आकर मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए।

आक्रोशित नागरिकों ने तुरंत चिमनगंज थाना पुलिस और नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा को घटना की सूचना दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और लापरवाह ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग आधा दर्जन से अधिक कॉलोनियों को जोड़ता है और वर्तमान में चल रहे निर्माण कार्य के कारण यहां से लोगों की आवाजाही और भी बढ़ गई है। लोगों ने बताया कि रविवार होने के कारण स्कूल बंद थे, अन्यथा यदि स्कूल खुले होते तो कई बच्चों और राहगीरों की जान खतरे में पड़ सकती थी।

उठ रहे सवाल: जिम्मेदार कौन?

  • काम खत्म होने के बाद बिजली कनेक्शन क्यों नहीं हटाया गया?
  • निर्माण स्थल पर चेतावनी बोर्ड या बैरिकेडिंग क्यों नहीं की गई?
  • डीपी से अवैध बिजली कनेक्शन लेने की अनुमति किसने दी?

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर लापरवाही के लिए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।