उज्जैन। भगवान श्री महाकाल की पारंपरिक सवारी के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। प्रशासन के निर्देशानुसार 3 अगस्त से 31 अगस्त तक उज्जैन शहर के सभी सरकारी एवं निजी स्कूल प्रत्येक सोमवार को बंद रहेंगे। सोमवार के अवकाश की भरपाई संबंधित रविवार को नियमित कक्षाएं संचालित कर की जाएगी।
सावन में निकलेंगी छह भव्य सवारियां
इस वर्ष सावन माह 30 जुलाई से प्रारंभ हो रहा है। भगवान महाकाल की कुल छह सवारियां निकाली जाएंगी। इनमें सावन माह में 3, 10, 17 और 24 अगस्त को सवारी निकलेगी, जबकि भाद्रपद माह में 31 अगस्त और 7 सितंबर को राजसी सवारी का आयोजन होगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 31 अगस्त तक प्रत्येक सोमवार उज्जैन शहर के स्कूलों में अवकाश रहेगा। वहीं 7 सितंबर को राजसी सवारी के कारण पूरे जिले में अवकाश घोषित रहेगा। चूंकि 7 सितंबर रविवार है, इसलिए उस दिन के साथ अगले दिन सोमवार को भी स्कूल बंद रहेंगे।
शाम 4 बजे निकलेगी भगवान महाकाल की सवारी
भगवान महाकाल की सवारी का शुभारंभ शाम 4 बजे महाकाल मंदिर के सभा मंडप में पूजन-अर्चन के बाद होगा। इसके बाद सवारी निर्धारित मार्ग से होकर निकलेगी।
सवारी का मार्ग:
महाकाल मंदिर → गुदरी चौराहा → बक्षी बाजार → कहारवाड़ी → रामघाट → रामानुजकोट → कार्तिक चौक → छत्री चौक → गोपाल मंदिर → पटनी बाजार → गुदरी बाजार → महाकाल मंदिर।
रामघाट पर विशेष पूजन के उपरांत भगवान महाकाल की सवारी पुनः महाकाल मंदिर लौटेगी।
बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए लिया गया निर्णय
उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने बताया कि महाकाल की सवारी के दौरान शहर में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिससे गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार, रामघाट, कार्तिक चौक और छत्री चौक सहित प्रमुख मार्गों पर लंबे समय तक यातायात प्रभावित रहता है। ऐसे में स्कूल बसों के संचालन और विद्यार्थियों की आवाजाही में कठिनाई होती है।
उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हर वर्ष की तरह इस बार भी सावन माह में यह व्यवस्था लागू की जा रही है। प्रशासन ने अभिभावकों, स्कूल प्रबंधन और नागरिकों से सहयोग की अपील की है। शिक्षा विभाग जल्द ही इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी करेगा।

More Stories
बीकॉम परिणाम पर बवाल: 47 से अधिक छात्रों को शून्य अंक और सप्लीमेंट्री मिलने पर विक्रम विश्वविद्यालय में प्रदर्शन
नीट पेपर लीक और छात्रों पर कार्रवाई के विरोध में उज्जैन में महापड़ाव जारी, पांच सूत्रीय मांगों पर अड़े प्रदर्शनकारी!
उज्जैन के टॉवर चौक पर दिनदहाड़े फायरिंग, बुजुर्ग गंभीर घायल; संदिग्ध आरोपी गिरफ्तार!