V India News

Web News Channel

MBBS में एडमिशन दिलाने का झांसा, 4.25 लाख की साइबर ठगी; फर्जी प्राचार्य पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार

उज्जैन में MBBS में दाखिला दिलाने का झांसा देकर 4 लाख 25 हजार रुपये की साइबर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को बिहार के कटिहार मेडिकल कॉलेज का प्राचार्य बताकर अभिभावकों को मेडिकल सीट दिलाने का भरोसा देता था। नीलगंगा थाना पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर उज्जैन लेकर आई है, जहां उससे पूछताछ जारी है।

प्राचार्य बनकर रची ठगी की साजिश

नीलगंगा थाना पुलिस के अनुसार, मंच्छामन चौराहा निवासी सतीशचंद्र पटेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बेटे का MBBS में प्रवेश कराने के नाम पर एक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया। आरोपी ने स्वयं को बिहार के कटिहार मेडिकल कॉलेज का प्राचार्य बताया और मेडिकल कॉलेज में सीट उपलब्ध होने का दावा किया। विश्वास दिलाने के लिए उसने छात्र के शैक्षणिक प्रमाण-पत्र और पहचान संबंधी दस्तावेज भी मंगवा लिए।

सीट बुकिंग के नाम पर वसूले 4.25 लाख रुपये

आरोपी ने 15 से 17 फरवरी 2026 के बीच सीट बुकिंग और प्रवेश प्रक्रिया का हवाला देकर अलग-अलग बैंक खातों में कुल 4 लाख 25 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। पैसे मिलने के बाद उसने व्हाट्सएप के माध्यम से राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के नाम से कथित पत्र, फर्जी अलॉटमेंट लेटर और अन्य दस्तावेज भेजे, ताकि पीड़ित को किसी प्रकार का संदेह न हो।

कॉलेज पहुंचते ही सामने आया पूरा सच

कुछ समय बाद जब सतीशचंद्र पटेल अपने बेटे के प्रवेश के लिए कटिहार मेडिकल कॉलेज पहुंचे, तो वहां पता चला कि जिस व्यक्ति से उनकी बातचीत हो रही थी, उसका कॉलेज से कोई संबंध नहीं है। कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया कि न तो कोई सीट खाली थी और न ही ऐसा कोई अधिकारी वहां कार्यरत है। इसके बाद पीड़ित ने उज्जैन के नीलगंगा थाने में साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई।

तकनीकी जांच से पश्चिम बंगाल तक पहुंची पुलिस

मामले की जांच एएसपी गुरु प्रसाद पाराशर और सीएसपी माधवनगर दीपिका शिंदे के निर्देशन में साइबर सेल और नीलगंगा थाना पुलिस ने की। बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल तकनीकी साक्ष्यों की जांच के दौरान आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी निवासी 45 वर्षीय सुमन्त्र गुप्ता के रूप में हुई।

ट्रांजिट रिमांड पर उज्जैन लाया गया आरोपी

थाना प्रभारी तरुण कुरील के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सिलीगुड़ी में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। उसे ट्रांजिट रिमांड पर उज्जैन लाया गया है। पुलिस अब उससे ठगी के नेटवर्क, अन्य साथियों, इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और ठगी की रकम के बारे में पूछताछ कर रही है। जल्द ही आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी।