उज्जैन रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की संयुक्त कार्रवाई में मादक पदार्थों की तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। संयुक्त टीम ने जयपुर-मनारगुडी एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे एक युवक को करीब 10 लाख रुपये कीमत की एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी राजस्थान का निवासी है और कथित तौर पर इस खेप को दक्षिण भारत ले जाकर बेचने की फिराक में था।
गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई
आरपीएफ थाना प्रभारी नरेंद्र यादव के अनुसार, एनसीबी को सूचना मिली थी कि जयपुर-मनारगुडी एक्सप्रेस के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर उज्जैन रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और एनसीबी की संयुक्त टीम ने निगरानी बढ़ाई। ट्रेन के पहुंचते ही संदिग्ध यात्रियों की जांच शुरू की गई।
स्लीपर कोच से मिली 80 ग्राम एमडी ड्रग्स
तलाशी के दौरान एस-1 स्लीपर कोच में बैठे एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जब उसके पिट्ठू बैग की जांच की गई तो उसमें से 80 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजस्थान के जोधपुर निवासी राजू विश्नोई के रूप में हुई है।
दक्षिण भारत में सप्लाई की थी योजना
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कोटा से ड्रग्स लेकर निकला था। उसकी योजना पहले भोपाल पहुंचने और वहां से दूसरी ट्रेन के जरिए दक्षिण भारत जाकर इस खेप की सप्लाई करने की थी। इससे पहले ही उज्जैन रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा एजेंसियों ने उसे पकड़ लिया।
तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी एनसीबी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए एनसीबी इंदौर की टीम को सौंप दिया गया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि ड्रग्स की यह खेप आरोपी तक कैसे पहुंची, इसके पीछे कौन लोग हैं और इस नेटवर्क का दायरा कितना बड़ा है।
संयुक्त अभियान रहा सफल
इस कार्रवाई में आरपीएफ निरीक्षक नरेंद्र यादव के नेतृत्व में एएसआई साजिद हुसैन, हेड कांस्टेबल मुख्तियार सिंह, राजाराम यादव, कमल सिंह और आशीष मारवाल सहित संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समय रहते की गई कार्रवाई से मादक पदार्थों की बड़ी खेप को गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही जब्त कर लिया गया।

More Stories
उज्जैन में दो मोबाइल शोरूमों में करोड़ों की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश
MBBS में एडमिशन दिलाने का झांसा, 4.25 लाख की साइबर ठगी; फर्जी प्राचार्य पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार
शहनाइयों की जगह सन्नाटा: शादी टूटने के सदमे में अस्पताल पहुंची दुल्हन!