V India News

Web News Channel

खाचरोद में ऑनलाइन ट्यूटर की नौकरी का झांसा, 28 वर्षीय युवती से ₹42 हजार की ठगी

उज्जैन। जिले के खाचरोद में घर बैठे ऑनलाइन ट्यूटर की नौकरी दिलाने के नाम पर 28 वर्षीय युवती से 42,279 रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने इंस्टाग्राम पर ‘Byju’s Online Tutor Teacher’ के नाम से विज्ञापन डालकर युवती को हर महीने 30 हजार रुपये वेतन वाली नौकरी का झांसा दिया। शिकायत के बाद खाचरोद पुलिस ने सोमवार को अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इंस्टाग्राम विज्ञापन देखकर किया था संपर्क

खाचरोद निवासी अलेफिया पिता इकबाल फोटोग्राफर ने पुलिस को बताया कि उसने इंस्टाग्राम पर ऑनलाइन ट्यूटर की नौकरी से संबंधित एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद आरोपी ने नौकरी के लिए रजिस्ट्रेशन कराने के नाम पर 1,500 रुपये जमा करने को कहा।

इसके बाद आरोपी ने दूसरे मोबाइल नंबर से अलेफिया को आईडी कार्ड की तस्वीर और भुगतान के लिए क्यूआर कोड भेजा। युवती ने 9 सितंबर को बताए गए खाते में 1,500 रुपये ट्रांसफर कर दिए।

लैपटॉप और डिलीवरी के नाम पर बढ़ती गई रकम

रजिस्ट्रेशन के बाद आरोपी ने युवती को बताया कि नौकरी के लिए लैपटॉप और अन्य सामान उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए उससे 9,979 रुपये और जमा करा लिए गए।

इसके बाद डिलीवरी चार्ज के नाम पर 15,900 रुपये तथा जीएसटी आईडी बनवाने के नाम पर 14,900 रुपये और जमा करवाए गए। इस तरह अलग-अलग मदों में आरोपी ने युवती से कुल 42,279 रुपये ट्रांसफर करा लिए।

नौकरी नहीं मिली तो खुला ठगी का राज

रकम जमा कराने के बाद भी युवती को न तो ऑनलाइन ट्यूटर की नौकरी मिली और न ही कोई सामान भेजा गया। इसके बाद आरोपी लगातार फोन कर उससे और पैसे जमा करने का दबाव बनाता रहा।

जब युवती को ठगी का एहसास हुआ तो उसने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद सोमवार को खाचरोद थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।

पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मोबाइल नंबरों, क्यूआर कोड और ऑनलाइन भुगतान से जुड़े लेनदेन की जानकारी जुटाकर आरोपी की पहचान करने में लगी है।