उज्जैन। जिले में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बीच उज्जैन शहर में एक और मरीज की इलाज के दौरान मौत हो गई। अलखनंदा नगर निवासी 75 वर्षीय महिला ने 11 सितंबर की रात निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही शहर में स्वाइन फ्लू से होने वाली मौतों की संख्या दो हो गई है।
महिला की मौत के बाद संक्रमण की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने उनके परिवार के सदस्यों और आसपास के 14 घरों में रहने वाले 57 लोगों का सर्वे कराया। राहत की बात यह रही कि सर्वे के दौरान किसी भी व्यक्ति में स्वाइन फ्लू अथवा सर्दी, खांसी और बुखार जैसे लक्षण नहीं पाए गए।
1 सितंबर को अस्पताल में कराया गया था भर्ती
सीएमएचओ डॉ. अशोक पटेल के अनुसार, अलखनंदा नगर निवासी महिला की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें 1 सितंबर को इंदौर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बावजूद हालत में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने स्वाइन फ्लू की जांच कराई।
महिला का सैंपल जांच के लिए आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। इसके बाद उन्हें अवंति अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कर उपचार दिया गया और संक्रमण की पुष्टि होने के बाद आइसोलेशन वार्ड में रखा गया। उपचार के दौरान 11 सितंबर की रात करीब पौने 12 बजे उनकी मौत हो गई।
परिवार और आसपास के लोगों की हुई जांच
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक 1 से 11 सितंबर के बीच अस्पताल में महिला से मिलने परिवार के सदस्य पहुंचे थे। इसके अलावा घर पर भी परिवार के चार सदस्य उनके संपर्क में रहे थे।
संक्रमण की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने परिवार के सदस्यों के साथ आसपास के 14 घरों में रहने वाले कुल 57 लोगों का सर्वे किया। जांच और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी लेने के दौरान किसी में भी सर्दी, खांसी या बुखार जैसे लक्षण नहीं मिले।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और स्वाइन फ्लू से जुड़े लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।
ऋषिनगर की महिला की भी हो चुकी है मौत
इससे पहले 19 अगस्त को उज्जैन के ऋषिनगर निवासी एक महिला की भी स्वाइन फ्लू से मौत हो चुकी है। उन्हें पहले उज्जैन के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें इंदौर रेफर किया था, जहां एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
एक माह में 14 पॉजिटिव, 12 मरीज स्वस्थ
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले एक माह में उज्जैन जिले में स्वाइन फ्लू के 14 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इनमें से दो मरीजों की मौत हो चुकी है, जबकि 12 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं।
सीएमएचओ डॉ. अशोक पटेल के अनुसार, वर्तमान में जिले में स्वाइन फ्लू का कोई सक्रिय पॉजिटिव मरीज नहीं है। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है और संदिग्ध मामलों में आवश्यक जांच एवं निगरानी की जा रही है।

More Stories
खाचरोद में ऑनलाइन ट्यूटर की नौकरी का झांसा, 28 वर्षीय युवती से ₹42 हजार की ठगी
उज्जैन-देवास हाईवे पर दर्दनाक हादसा, बाइक सवार की मौत के बाद ग्रामीणों का चक्काजाम
उज्जैन में जुटेंगे मोहन भागवत और नितिन नबीन, 25 लाख दीपों से जगमगाएगा शिप्रा तट