उज्जैन। उज्जैन-देवास हाईवे पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को नरवर थाना क्षेत्र के भोलासा-सेमलिया-हरनावदा फंटे पर एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, चंद्रावतीगंज निवासी रामचंद्र प्रजापत (48) बाइक से जा रहे थे। वह जैसे ही भोलासा फंटे के चौराहे को पार कर रहे थे, तभी देवास की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रामचंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
हादसे के बाद हाईवे पर चक्काजाम
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण और मृतक के परिजन बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर ग्रामीणों में पहले से ही नाराजगी थी। रविवार की घटना के बाद उनका आक्रोश फूट पड़ा और लोगों ने हाईवे पर बैठकर चक्काजाम कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि भोलासा-सेमलिया-हरनावदा फंटा हादसों का ब्लैक स्पॉट बन चुका है। स्थानीय लोगों ने दावा किया कि पिछले एक वर्ष में इस क्षेत्र में करीब 100 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। हालांकि, इस आंकड़े की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि हादसों के बावजूद चौराहे पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं। लोगों ने स्पीड ब्रेकर, ट्रैफिक सिग्नल, बैरिकेडिंग और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल किए जाने की मांग की।
पुलिस-प्रशासन ने संभाला मोर्चा
चक्काजाम की सूचना मिलते ही नरवर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीण आरोपी चालक की गिरफ्तारी, मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और चौराहे पर स्थायी यातायात सुरक्षा व्यवस्था की मांग पर अड़े रहे।
एडिशनल एसपी गुरु प्रसाद पराशर ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर तैनात है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। फरार कार चालक की तलाश की जा रही है। वहीं, परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर जाम खुलवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही इस फंटे पर ठोस सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो भविष्य में भी बड़े हादसों का खतरा बना रहेगा।

More Stories
खाचरोद में ऑनलाइन ट्यूटर की नौकरी का झांसा, 28 वर्षीय युवती से ₹42 हजार की ठगी
उज्जैन में स्वाइन फ्लू से 75 वर्षीय महिला की मौत, एक माह में 14 मामले सामने आए
उज्जैन में जुटेंगे मोहन भागवत और नितिन नबीन, 25 लाख दीपों से जगमगाएगा शिप्रा तट