V India News

Web News Channel

उज्जैन में गणेश चतुर्थी पर गूंजे गणपति बप्पा के जयकारे, सिद्धिविनायक को चढ़ा 5.51 लाख मोदकों का भोग

उज्जैन। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन सोमवार को गणपति भक्ति में सराबोर नजर आई। गणेश चतुर्थी के अवसर पर शहर के गली-मोहल्लों से लेकर बड़े गणेश पंडालों तक ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे गूंजते रहे। शहर में करीब 500 स्थानों पर भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। सुबह से ही बाजारों में गणेश प्रतिमाओं की खरीदारी के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली।

घर से लेकर सार्वजनिक पंडालों तक भक्तों ने विधि-विधान से भगवान गणेश की स्थापना कर 10 दिवसीय गणेश उत्सव की शुरुआत की।

महाकाल मंदिर में सिद्धिविनायक का विशेष पूजन

गणेश चतुर्थी का सबसे खास दृश्य श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर में देखने को मिला, जहां सिद्धिविनायक भगवान के विशेष पूजन-अभिषेक का आयोजन किया गया। पंचामृत पूजन, अभिषेक और विशेष श्रृंगार के बाद भगवान की महाआरती की गई।

पूजन के दौरान भगवान सिद्धिविनायक को केसर, चंदन और इत्र सहित विभिन्न द्रव्यों से स्नान कराया गया। इसके बाद भगवान को 5 लाख 51 हजार मोदकों का महाभोग अर्पित किया गया।

मंदिर के पुजारी पंडित मोहित उपाध्याय ‘नंदू गुरु’ ने बताया कि गणेश उत्सव के पूरे 10 दिनों तक श्रद्धालुओं को मोदक का प्रसाद वितरित किया जाएगा।

2500 साल पुरानी मानी जाती है सिद्धिविनायक की प्रतिमा

महाकाल मंदिर परिसर में विराजमान सिद्धिविनायक की काले पत्थर की प्रतिमा को लेकर मान्यता है कि यह करीब 2500 वर्ष पुरानी है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस प्रतिमा की स्थापना राजा भर्तृहरि ने की थी। गणेश चतुर्थी पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान सिद्धिविनायक के दर्शन और पूजन के लिए पहुंचे।

महाआरती में शामिल हुए वैभव यादव

सिद्धिविनायक भगवान की महाआरती में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बड़े बेटे वैभव यादव भी शामिल हुए। उन्होंने भगवान गणेश का पूजन कर आरती की और इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।

वैभव यादव ने भगवान गणेश से देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर विकास की प्रार्थना की।

ढोल-ताशों से गूंजा महाकाल परिसर

महाआरती के दौरान महाकाल मंदिर परिसर ढोल-ताशों की गूंज से भक्तिमय हो उठा। आरती के दौरान लगातार बजते ढोल-ताशों और गणपति बप्पा के जयकारों ने माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया। दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु भी आरती में शामिल हुए और भक्ति में झूमते नजर आए।

गणेश प्रतिमाओं की खरीदारी के लिए बाजारों में भीड़

गणेश चतुर्थी को लेकर उज्जैन के बाजारों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही श्रद्धालु अलग-अलग आकार और डिजाइन की गणेश प्रतिमाएं खरीदते नजर आए।

प्रतिमा खरीदने पहुंचीं युक्ति खत्री ने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से होटल और गार्डन के लिए गणेश प्रतिमाएं खरीद रही हैं। उनके मुताबिक इस बार कोल्हापुर से आई गणेश प्रतिमाएं विशेष रूप से आकर्षक हैं और लोगों में इन्हें लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।