V India News

Web News Channel

उज्जैन में दो मोबाइल शोरूमों में करोड़ों की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश

उज्जैन के फ्रीगंज क्षेत्र में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात चोरों ने दो मोबाइल शोरूमों को निशाना बनाकर एक करोड़ रुपये से अधिक कीमत के मोबाइल और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पूरी वारदात दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

सुबह मिली चोरी की जानकारी

फ्रीगंज स्थित अमर सिंह मार्ग पर महाकाल सिंधी कॉलोनी निवासी नरेश सीतलानी का हाई च्वाइस नाम से मोबाइल शोरूम है, जहां सैमसंग कंपनी के मोबाइल बेचे जाते हैं। शनिवार सुबह करीब 6 बजे उन्हें परिचित का फोन आया कि दुकान का शटर खुला हुआ है। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और शोकेस से मोबाइल गायब थे।

दुकान से करीब 40 लाख रुपये कीमत के मोबाइल और लगभग 45 हजार रुपये नकद चोरी हो चुके थे। घटना की सूचना तत्काल माधवनगर थाना पुलिस को दी गई।

दूसरे शोरूम को भी बनाया निशाना

पुलिस जांच के दौरान ही करीब 50 मीटर दूर स्थित एसएस मोबाइल शोरूम में भी चोरी का मामला सामने आया। बदमाशों ने वहां भी शटर उचकाकर कांच का दरवाजा तोड़ा और अंदर रखे करीब 70 लाख रुपये कीमत के मोबाइल चोरी कर लिए। दोनों वारदातों में कुल नुकसान एक करोड़ रुपये से अधिक का बताया जा रहा है।

शातिर अंदाज में की वारदात

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि चोरी करने वाले आरोपी पेशेवर और तकनीकी जानकारी रखने वाले हैं। दुकान में घुसते ही उन्होंने सबसे पहले सीसीटीवी का डीवीआर खोजने की कोशिश की, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। मोबाइल चोरी करते समय वे यह भी जांचते रहे कि कहीं वे डेमो पीस तो नहीं हैं। पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने आईफोन को हाथ नहीं लगाया, संभवतः उन्हें ट्रैक होने का डर था।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना

सीसीटीवी फुटेज में चार बदमाश सफेद शर्ट, सिर पर टोपी, चेहरे पर काले मास्क और हाथों में ग्लव्स पहने दिखाई दे रहे हैं। उनके पास टॉर्च और कपड़े के थैले थे, जिनमें वे मोबाइल भरकर ले गए। बाहरी कैमरों में एक सफेद कार भी दिखाई दी है, जिससे आरोपी वारदात के बाद फरार हो गए।

पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश

पुलिस ने दुकानों के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्य कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।