V India News

Web News Channel

Ujjain; बारिश के बीच सड़क पर फैले करंट ने ली युवक की जान, हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से हुआ हादसा

उज्जैन में रविवार रात हुई तेज बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। हरिफाटक चौराहे के पास 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन का तार टूटकर सड़क पर गिर गया, जिससे बारिश के पानी में करंट फैल गया। इसी दौरान बाइक से गुजर रहे युवक इसकी चपेट में आ गए।

मृतक की पहचान छोटू उर्फ आशिक पटेल, निवासी ग्राम बलोद, के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने दो भतीजों के साथ उज्जैन बाजार से खरीदारी कर लौट रहे थे। गोल्डन पेट्रोल पंप से ईंधन भरवाने के बाद जैसे ही उनकी बाइक हरिफाटक चौराहे के पास पहुंची, सड़क पर भरे पानी में फैले करंट की चपेट में आ गई।

हादसे के दौरान दोनों भतीजे समय रहते बाइक से कूदकर सुरक्षित निकल गए, लेकिन आशिक पटेल का पैर बाइक में फंस गया। करंट लगने से वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोग सड़क पर करंट फैलने के कारण उनकी मदद के लिए आगे नहीं बढ़ सके।

सूचना मिलने पर नीलगंगा थाना पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सबसे पहले बिजली आपूर्ति बंद कराई गई, जिसके बाद युवक को अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

नीलगंगा थाना प्रभारी तरुण कुरील ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से सड़क पर करंट फैलने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना के बाद बिजली व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।