उज्जैन। लगातार हो रही बारिश के बीच उफनते नाले को पार करने की कोशिश एक ग्राम पंचायत के सहायक सचिव के लिए जानलेवा साबित हुई। बड़नगर तहसील के ग्राम गावड़ी लोधा निवासी सूर्य प्रताप सिंह सोनगरा (35) का शव घटना के दो दिन बाद शनिवार को चंबल नदी से बरामद किया गया। शव मिलने के साथ ही कई घंटों से चल रहा संयुक्त रेस्क्यू अभियान समाप्त कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात सूर्य प्रताप सिंह सोनगरा बड़नगर से अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में गांव की पुरानी पुलिया पर बारिश का पानी तेज़ी से बह रहा था। उनके साथ मौजूद कृष्णपाल सिंह ने खतरे को देखते हुए आगे बढ़ने से मना कर दिया और बाइक से उतर गए। लेकिन सूर्य प्रताप ने मोटरसाइकिल के साथ पुलिया पार करने का प्रयास किया। तेज बहाव के कारण संतुलन बिगड़ गया और वे बाइक सहित नाले में बह गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, होमगार्ड, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। रातभर और अगले दिन तक लगातार तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान दुर्घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर उनकी मोटरसाइकिल मिल गई, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
शनिवार को बचाव दल ने सर्च ऑपरेशन का दायरा बढ़ाते हुए चंबल नदी में मोटरबोट के माध्यम से तलाश शुरू की। कई घंटों की मशक्कत के बाद नदी से सूर्य प्रताप का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इंगोरिया थाना प्रभारी दीपेश व्यास ने बताया कि दुर्घटना उस समय हुई जब मृतक सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होने के बावजूद शॉर्टकट के लिए पुरानी उफनती पुलिया से गुजरने लगे। तेज जलप्रवाह के कारण वे बाइक सहित बह गए।
सूर्य प्रताप की असामयिक मृत्यु से ग्राम गावड़ी लोधा और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के मौसम में उफनते नालों, पुलियों और जलभराव वाले मार्गों को पार करने का जोखिम न उठाएं तथा केवल सुरक्षित और निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें।

More Stories
पीएम मोदी के जन्मदिन पर उज्जैन में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाएंगे नितिन नवीन
उज्जैन में गणेश चतुर्थी पर गूंजे गणपति बप्पा के जयकारे, सिद्धिविनायक को चढ़ा 5.51 लाख मोदकों का भोग
खाचरोद में ऑनलाइन ट्यूटर की नौकरी का झांसा, 28 वर्षीय युवती से ₹42 हजार की ठगी