मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के इंगोरिया थाना क्षेत्र में युवक की कथित हत्या का मामला पुलिस जांच में पूरी तरह पलट गया। शुरुआती रिपोर्ट में जिस घटना को धारदार हथियार से की गई हत्या बताया गया था, वह दरअसल एक दुर्घटना निकली। जांच में सामने आया कि युवक की मौत बिजली का पोल गिरने से हुई थी, जबकि पुराने विवाद के चलते विरोधी पक्ष को फंसाने के लिए हत्या की झूठी कहानी गढ़ी गई थी।
पुलिस के अनुसार घटना 11 जून 2026 की रात ग्राम बलेड़ी में हुई। राहुल अपने पांच साथियों के साथ कुछ युवकों की तलाश में खेत पर गया था। वहां संबंधित व्यक्ति नहीं मिलने पर सभी लोग खेत में बनी टापरी, बोरवेल और बिजली के पोल के पास मौजूद सामान हटाने लगे। इसी दौरान बिजली का पोल अचानक गिर पड़ा और राहुल के सिर पर आ गिरा। गंभीर रूप से घायल राहुल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
घटना के अगले दिन राहुल के भाई शिवनारायण ने इंगोरिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि पुराने विवाद के चलते कुछ लोगों ने धारदार हथियार से राहुल की हत्या कर दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से हत्या के आरोपों की पुष्टि करने वाला कोई भौतिक साक्ष्य नहीं मिला। इसके बाद तकनीकी जांच, घटनास्थल के वैज्ञानिक परीक्षण तथा घटना के समय मौजूद साथियों से पूछताछ की गई। इन सभी तथ्यों से स्पष्ट हुआ कि राहुल की मौत किसी हमले में नहीं बल्कि बिजली का पोल गिरने से हुई दुर्घटना के कारण हुई थी।
पुलिस ने पाया कि पुरानी रंजिश के चलते विरोधी पक्ष को फंसाने के उद्देश्य से झूठी हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले में साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों—भरत, राजेश और ईश्वर—को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में भूपेंद्र और सत्यनारायण की भूमिका की भी जांच जारी है।
इंगोरिया थाना प्रभारी दीपेश व्यास ने बताया कि तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों से यह पूरी तरह स्पष्ट हो गया है कि यह हत्या नहीं, बल्कि दुर्घटना का मामला था। झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने वालों के विरुद्ध विधि अनुसार कार्रवाई की जा रही है।

More Stories
ड्यूटी के दौरान करंट लगने से आउटसोर्स बिजलीकर्मी की मौत!
उज्जैन; नशा छोड़ो, जिंदगी जोड़ो’ अभियान से जाग रहा उज्जैन: युवा उतरे जनजागरूकता की मुहिम में!
बीएसएनएल अधिकारी की सड़क हादसे में मौत: परिवार को 1.41 करोड़ रुपये मुआवजे का आदेश!