नई दिल्ली/अमृतसर। दिल्ली से अमृतसर जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट एआई-479 तकनीकी खराबी के कारण अपने निर्धारित मार्ग से भटक गई और कुछ समय के लिए पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गई। सूचना मिलने के बाद विमान ने तत्काल दिशा बदली और भारतीय हवाई क्षेत्र में वापस लौट आया। घटना के बाद विमान की सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित की गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट एआई-479 सोमवार रात करीब 9:18 बजे दिल्ली से अमृतसर के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान विमान के नेविगेशन सिस्टम में तकनीकी समस्या आने से उसका मार्ग प्रभावित हो गया। इसी दौरान विमान पाकिस्तान के लाहौर फ्लाइट इंफॉर्मेशन रीजन की सीमा में पहुंच गया, जहां से पाकिस्तान की एयर ट्रैफिक अथॉरिटी ने चेतावनी जारी की।
बताया जा रहा है कि पाकिस्तान ने अप्रैल 2025 से भारतीय पंजीकरण वाले सभी विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर रखा है और यह प्रतिबंध वर्तमान में भी लागू है। ऐसे में भारतीय विमान का वहां पहुंचना सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बन गया।
सूत्रों के मुताबिक विमान पाकिस्तान की सीमा में अधिक दूर तक नहीं गया और चेतावनी मिलने के तुरंत बाद भारतीय एयरस्पेस की ओर वापस मुड़ गया। हालांकि तकनीकी समस्या के कारण उड़ान संचालन प्रभावित रहा।
भारतीय हवाई क्षेत्र में लौटने के बाद भी विमान को तत्काल अमृतसर में उतरने की अनुमति नहीं मिल सकी। एयरपोर्ट पर बढ़े हुए ट्रैफिक और रनवे की उपलब्धता के कारण विमान कुछ समय तक अमृतसर के आसपास चक्कर लगाता रहा। बाद में एयर ट्रैफिक कंट्रोल के निर्देश पर उसे वापस दिल्ली भेजा गया, जहां सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
तकनीकी जांच और आवश्यक प्रक्रियाओं के बाद विमान को दोबारा अमृतसर के लिए रवाना किया गया। अंततः सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब 2:20 बजे विमान अमृतसर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया। इस पूरी घटना के चलते यात्रियों को लगभग चार घंटे की देरी का सामना करना पड़ा।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, विमान की सुरक्षित संचालन प्रक्रिया को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक कदम उठाए गए। फिलहाल तकनीकी खराबी और नेविगेशन सिस्टम में आई गड़बड़ी के कारणों की जांच की जा रही है।

More Stories
कल किसानों के खातों में आएगी पीएम किसान की 23वीं किस्त, मध्यप्रदेश के 81 लाख से अधिक किसानों को मिलेगा लाभ
बंगाल और असम में भाजपा की ऐतिहासिक जीत: पीएम मोदी बोले- गंगोत्री से गंगासागर तक खिला कमल!
ऑटो डेबिट सिस्टम में बड़ा बदलाव, EMI कटने से पहले अब 24 घंटे पहले मिलेगा अलर्ट!