उज्जैन। शहर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक स्थानीय युवक के मोबाइल पर पाकिस्तानी नंबर से बम धमकी का संदेश प्राप्त हुआ। मैसेज में शाम 6 बजे टॉवर चौक को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं और पूरे शहर में सघन जांच अभियान शुरू कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 4:30 बजे उज्जैन निवासी अजय पटेल के मोबाइल फोन पर एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से संदेश प्राप्त हुआ। संदेश भेजने वाले ने अपना नाम मोहम्मद मुश्ताक बताते हुए स्वयं को एजेंट बताया और टॉवर चौक पर विस्फोट की धमकी दी।
धमकी भरा संदेश मिलते ही अजय पटेल ने मामले की जानकारी माधवनगर थाना पुलिस को दी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल मोबाइल फोन को जांच के लिए अपने कब्जे में लिया और संदिग्ध नंबर से संपर्क साधने का प्रयास शुरू किया।
इधर, सुरक्षा के मद्देनजर बम डिस्पोजल स्क्वॉड और पुलिस टीमों को टॉवर चौक सहित आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात किया गया। कई घंटों तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया और क्षेत्र के हर हिस्से की बारीकी से जांच की गई। हालांकि तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, देर रात संबंधित नंबर से एक और संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें धमकी को मजाक बताया गया। इसके बाद प्रारंभिक जांच में मामला प्रैंक होने की संभावना सामने आई, लेकिन पुलिस ने इसे हल्के में लेने से इनकार किया है।
फिलहाल पुलिस मैसेज भेजने वाले व्यक्ति की पहचान और उसकी लोकेशन का पता लगाने का प्रयास कर रही है। साथ ही मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी प्रकार की बम धमकी या सुरक्षा संबंधी सूचना को गंभीरता से लिया जाता है। मामले में जांच पूरी होने के बाद आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।

More Stories
उज्जैन में पत्नी ने महिला सहकर्मी के साथ पति को पकड़ा, रेस्टोरेंट के बाहर हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा, वीडियो वायरल!
केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर ने किए बाबा महाकाल के दर्शन, भस्म आरती में हुए शामिल!
नवविवाहिता की संदिग्ध मौत मामले में पति, सास-ससुर गिरफ्तार, जहर खिलाने का आरोप!