उज्जैन। भाटपचलाना थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मृतका ने उपचार के दौरान दिए गए बयान में पति पर मारपीट कर जबरन जहर खिलाने का आरोप लगाया था। मामले की जांच के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार ग्राम बरथून निवासी प्रिया की तबीयत बिगड़ने पर 2 जून को उसे उपचार के लिए नागदा के एक अस्पताल ले जाया गया था। हालत गंभीर होने पर उसे उज्जैन रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसके बयान दर्ज किए गए। बयान में प्रिया ने आरोप लगाया कि उसके पति ने विवाद के बाद उसके साथ मारपीट की और जबरन जहरीला पदार्थ खिला दिया।
उपचार के दौरान 5 जून को प्रिया की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू की। जांच के दौरान मायके पक्ष के परिजनों ने बताया कि विवाह के बाद से ही मृतका को घरेलू बातों को लेकर प्रताड़ित किया जाता था।
पुलिस को जांच में मिले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पति, सास और ससुर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
तीनों आरोपियों को भेजा जेल
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मृतका का पति, सास और ससुर शामिल हैं। न्यायालय में पेशी के बाद तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि पति के खिलाफ पूर्व में भी पत्नी के साथ मारपीट का मामला दर्ज हो चुका था। महिला संबंधी अपराधों को लेकर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।

More Stories
उज्जैन में पत्नी ने महिला सहकर्मी के साथ पति को पकड़ा, रेस्टोरेंट के बाहर हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा, वीडियो वायरल!
केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर ने किए बाबा महाकाल के दर्शन, भस्म आरती में हुए शामिल!
पाकिस्तानी नंबर से बम धमकी का मैसेज, उज्जैन पुलिस अलर्ट; जांच के बाद निकला प्रैंक!