उज्जैन। शहर में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दो शातिर युवकों ने धार्मिक विश्वास और पारिवारिक चिंता का फायदा उठाकर एक बुजुर्ग महिला से सोने के गहने ठग लिए। आरोपियों ने महिला को उनके बेटों पर संकट का भय दिखाया और झांसे में लेकर लाखों रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 71 वर्षीय मनोरमा जैन बुधवार सुबह धार्मिक दर्शन कर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे और बातचीत के दौरान दावा किया कि उनके गले में पहनी सोने की चेन और अंगूठी के कारण परिवार पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। युवकों ने महिला को विश्वास दिलाया कि यदि तुरंत उपाय नहीं किया गया तो उनके बेटों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
बेटों की कुशलता को लेकर चिंतित महिला आरोपियों की बातों में आ गईं। युवकों ने उन्हें गहने उतारकर एक विशेष मंत्र का जाप करने की सलाह दी। महिला ने उनके कहने पर अपने आभूषण उतारकर सौंप दिए और मंत्र जाप करने लगीं। कुछ समय बाद जब उन्होंने आंखें खोलीं तो दोनों युवक मौके से गायब थे। उनके साथ सोने की चेन और अंगूठी भी गायब थी।
ठगी का एहसास होने पर महिला ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार के सदस्य उन्हें लेकर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने नागरिकों, विशेषकर बुजुर्गों से अपील की है कि किसी भी अजनबी व्यक्ति की बातों में आकर अपने गहने या कीमती सामान किसी को न सौंपें तथा संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।

More Stories
उज्जैन में पत्नी ने महिला सहकर्मी के साथ पति को पकड़ा, रेस्टोरेंट के बाहर हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा, वीडियो वायरल!
केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर ने किए बाबा महाकाल के दर्शन, भस्म आरती में हुए शामिल!
पाकिस्तानी नंबर से बम धमकी का मैसेज, उज्जैन पुलिस अलर्ट; जांच के बाद निकला प्रैंक!