मैहर। मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जादू-टोना करने के संदेह में छोटे भाई ने अपने होने वाले दामाद और अन्य साथियों के साथ मिलकर बड़े भाई की कुल्हाड़ी और धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी। घटना रविवार देर रात किरहाई गांव में हुई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि पुलिस ने जांच के दौरान कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार किरहाई गांव निवासी 50 वर्षीय पतिराम कोल रविवार रात अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थे। आधी रात के करीब उनके घर के बाहर कुछ लोगों के शोर-शराबा करने की आवाज सुनाई दी। जब पतिराम बाहर निकले तो उन्होंने देखा कि उनका छोटा भाई सीताराम कोल कुछ लोगों के साथ घर के सामने हंगामा कर रहा है। पतिराम उन्हें समझाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन इसी दौरान विवाद हिंसक हो गया।
आरोप है कि सीताराम ने अपने होने वाले दामाद रोहित कोल और अन्य साथियों के साथ मिलकर पतिराम पर कुल्हाड़ी एवं धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में पतिराम के सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं। वह मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। पूरी घटना परिवार के सदस्यों की आंखों के सामने हुई, जिससे गांव में दहशत फैल गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सीताराम की बेटी का विवाह हिनौता गांव निवासी रोहित कोल से तय हुआ था। परिवार के अनुसार रिश्ता तय होने के कुछ समय बाद युवती बीमार रहने लगी थी। इसी बात को लेकर सीताराम को संदेह था कि उसके बड़े भाई पतिराम ने जादू-टोना किया है, जिसके कारण उसकी बेटी की तबीयत खराब हो रही है। इसी शक ने दोनों भाइयों के बीच रंजिश को जन्म दिया।
घटना के बाद आरोपी एक बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बाइक को जब्त कर उसके इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर जांच शुरू की। इसी सुराग के जरिए आरोपियों तक पहुंचने में पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली। मृतक के परिजनों ने भी कुछ आरोपियों के नाम पुलिस को बताए हैं।
अमरपाटन थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते ने बताया कि मामले में सात आरोपियों की पहचान की गई है। कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि अंधविश्वास और आपसी रंजिश ने एक परिवार को उजाड़ दिया। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

More Stories
भोपाल में युवती पर चाकू से हमला, बचाने पहुंची बहन भी हुई घायल; आरोपी फरार!
मूकबधिर नाबालिग लड़की से दुष्कर्म, जंगल में ले जाकर की हैवानियत!
देवास में सामूहिक विवाह के नाम पर ठगी, शादी का इंतजार करते रह गए दूल्हे!