मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध हिल स्टेशन पचमढ़ी में नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक स्थानीय जिप्सी चालक और दो युवक शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने छात्रा और उसके स्कूल फ्रेंड को सुनसान इलाके में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर छात्रा के दोस्त को डराया-धमकाया और बंधक बना दिया गया।
जानकारी के अनुसार घटना 19 अगस्त की दोपहर करीब 2 बजे की है। छात्रा का स्कूल फ्रेंड उससे मिलने पचमढ़ी आया था। बस स्टैंड पर उसकी मुलाकात जिप्सी चालक हरिओम से हुई। उस समय उसके साथ पवन बंसल और अभिषेक वंशकार भी मौजूद थे। तीनों ने दोनों को जिप्सी से घुमाने की बात कहकर दक्षिण स्काउट गाइड के पास जंगल की ओर ले गए।
आरोप है कि सुनसान स्थान पर पहुंचने के बाद तीनों ने छात्रा और उसके दोस्त को धमकाया। छात्रा के दोस्त के विरोध करने पर उसे जिप्सी से बांध दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद दोनों को वापस बस स्टैंड पर छोड़ते हुए आरोपियों ने किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद छात्रा डर के कारण घर लौट गई और स्कूल जाना बंद कर दिया। बड़ी बहन के पूछने पर उसने पूरी घटना बताई। इसके बाद 23 अगस्त की रात परिजन के साथ छात्रा पचमढ़ी थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पिपरिया से महिला सब-इंस्पेक्टर मोनिका सिंह को पचमढ़ी भेजा गया, जहां पीड़िता के बयान दर्ज किए गए।
पुलिस ने हरिओम, पवन बंसल और अभिषेक वंशकार के खिलाफ BNS की धारा 70(2), 115(2), 351(3), 3(5) और POCSO एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया। एएसपी अभिषेक राजन के अनुसार शिकायत मिलने के करीब छह घंटे के भीतर पुलिस की अलग-अलग टीमों ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया है। तीनों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। आरोपी बनखेड़ी थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं और मजदूरी व छोटे-मोटे काम करते हैं।
More Stories
इंस्टाग्राम पर दोस्ती बनी जाल, युवक का अपहरण कर बनाई आपत्तिजनक वीडियो; 10 आरोपी गिरफ्तार
लोन के नाम पर साइबर ठगी: प्रतियोगी छात्र से 1.25 लाख रुपये ऐंठे, फेसबुक विज्ञापन बना जाल!
शक ने कराया खून: भतीजे ने चाचा की हत्या कर 15 दिन तक छिपाया राज!