V India News

Web News Channel

रील के चक्कर में कार पर 3400 किस, 55 लाख व्यूज के बाद 5500 का चालान

ग्वालियर। सोशल मीडिया पर रील को वायरल कराने के चक्कर में ग्वालियर के एक युवक ने अपनी कार को ही वीडियो का हिस्सा बना दिया। उसकी महिला मित्र ने कार की बॉडी पर करीब 3400 बार चुंबन कर लिपस्टिक के निशान बना दिए। इसके बाद युवक ने कार का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। रील को एक ही दिन में करीब 55 लाख व्यूज मिले। वीडियो में कार तेज रफ्तार से सड़क पर दौड़ती नजर आई, जिसके बाद यातायात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5500 रुपये का चालान काट दिया।

ग्वालियर यातायात पुलिस के अनुसार, कार नंबर एमपी 07 सीसी 9452 का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में कार की पूरी बॉडी पर लिपस्टिक के निशान दिखाई दे रहे थे। पुलिस ने वीडियो के आधार पर कार की तलाश शुरू की और उसे थाटीपुर इलाके में ट्रेस कर लिया। इसके बाद पुलिस टीम ने कार को बरामद कर यातायात थाने पहुंचाया और उसके मालिक आदित्य सिकरवार को पूछताछ के लिए बुलाया।

साढ़े तीन घंटे में बनाए गए थे निशान

पूछताछ में आदित्य ने पुलिस को बताया कि कार पर लिपस्टिक के निशान उसकी महिला मित्र ने बनाए थे। कार को खड़ा करके उसकी बॉडी पर करीब 3400 चुंबन किए गए। इस पूरी प्रक्रिया में लगभग साढ़े तीन घंटे लगे। इसके बाद कार का वीडियो शूट कर इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया। युवक के मुताबिक, उसका उद्देश्य सोशल मीडिया पर कुछ अलग तरह की रील बनाकर ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना था। उसकी कोशिश सफल भी रही और वीडियो को करीब 55 लाख व्यूज मिल गए।

थाने में पानी से साफ किए निशान

पुलिस के मुताबिक, आदित्य ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। इसके बाद उसने यातायात थाने में कार की बॉडी पर लगे लिपस्टिक के निशान पानी से साफ किए। यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर पुलिस ने 5500 रुपये का चालान किया।

यातायात थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी ने कहा कि सोशल मीडिया कंटेंट बनाने के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रील या वीडियो बनाने के लिए सड़क पर वाहन चलाते समय किसी भी तरह का यातायात नियमों का उल्लंघन न करें और मोटर व्हीकल एक्ट के नियमों का पालन करें।