उज्जैन। देशभर में करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र संत प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य को लेकर भक्तों और संत समाज में चिंता का माहौल है। उनकी उत्तम सेहत और दीर्घायु की कामना को लेकर धर्मनगरी उज्जैन में संतों ने विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक और महामृत्युंजय जाप का आयोजन किया।
महाकाल नगरी स्थित ऋणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से शाम तक धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम चलता रहा। इस दौरान संत-महात्माओं के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी उपस्थित रहे और भगवान से प्रेमानंद महाराज के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।
महादेव का अभिषेक कर मांगी आरोग्यता
अनुष्ठान के दौरान भगवान शिव का दूध, दही और सहस्त्रधारा से अभिषेक किया गया। साथ ही महामृत्युंजय मंत्र का जाप कर संत प्रेमानंद महाराज के स्वस्थ और दीर्घ जीवन की कामना की गई।
संत महावीर नाथ ने कहा कि प्रेमानंद महाराज ने अपने प्रवचनों, भजनों और आध्यात्मिक संदेशों के माध्यम से लाखों युवाओं को सनातन संस्कृति और भक्ति मार्ग से जोड़ने का कार्य किया है। उनके स्वास्थ्य को लेकर देशभर के श्रद्धालु चिंतित हैं और सभी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
देशभर के संत कर रहे मंगलकामना
संत समाज का कहना है कि प्रेमानंद महाराज केवल एक संत ही नहीं बल्कि आध्यात्मिक जागरण के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। उनके विचारों और भक्ति संदेशों ने समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रवींद्र पुरी महाराज ने कहा कि प्रेमानंद महाराज देश के प्रमुख संतों में से एक हैं और करोड़ों लोगों की आस्था उनसे जुड़ी हुई है। ऐसे में सभी संत और श्रद्धालु उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं।
महिला श्रद्धालुओं ने भी की विशेष प्रार्थना
मंदिर में बड़ी संख्या में पहुंचीं महिला श्रद्धालुओं ने भी प्रेमानंद महाराज के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु के लिए पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं का कहना है कि उनके प्रवचन और दर्शन लोगों को मानसिक शांति, आध्यात्मिक ऊर्जा और जीवन में सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।
स्वास्थ्य को लेकर बढ़ी चिंता
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से संत प्रेमानंद महाराज का स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा है। स्वास्थ्य संबंधी कारणों से उनके कुछ नियमित कार्यक्रम स्थगित किए गए हैं। हाल ही में उनका एक भावुक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें उन्होंने अपने अनुयायियों से चिंता न करने और आध्यात्मिक मार्ग पर आगे बढ़ते रहने का संदेश दिया था।
उज्जैन में आयोजित इस विशेष अनुष्ठान के माध्यम से संत समाज और श्रद्धालुओं ने एक स्वर में ईश्वर से प्रार्थना की कि प्रेमानंद महाराज शीघ्र स्वस्थ होकर पुनः अपने भक्तों के बीच पहुंचें।

More Stories
दिल्ली के कपल ने उज्जैन के मंदिर परिसर में की सगाई…मंदिर कमेटी करेगी कार्रवाई!
उज्जैन; निर्माण स्थल पर दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर की चपेट में आने से 3 वर्षीय मासूम की मौत!
उज्जैन में वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव, कई कोचों के शीशे टूटे!