मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ठगी की एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां दो बदमाशों ने एक महिला को बातों में उलझाकर ऐसा झांसा दिया कि महिला को घर पहुंचने के बाद पता चला कि उसके सोने के गहने गायब हैं। पीड़िता का आरोप है कि बदमाशों ने उसे अपने वश में कर लिया था और इसी दौरान उसके जेवर उतरवा लिए।
जानकारी के मुताबिक पंचशील नगर निवासी कोकिला चौहान गुरुवार शाम करीब 5 बजे घर से 10 नंबर मार्केट कपड़े प्रेस कराने गई थीं। इसी दौरान रास्ते में उन्हें दो अज्ञात युवक मिले। दोनों ने पहले महिला से पीने के लिए पानी मांगा। महिला ने पास की दुकान से पानी की बोतल खरीदकर उन्हें दे दी।
इसके बाद दोनों युवक महिला से बातचीत करने लगे और कहा कि अगर वह अपनी परेशानियों से छुटकारा चाहती हैं तो आंखें बंद करके ‘राम नाम’ जपें। महिला उनके झांसे में आ गई और आंखें बंद कर मंत्र जपने लगी। इसी दौरान बदमाशों ने महिला के कानों के सोने के टॉप्स और मंगलसूत्र उतरवा लिए।
पीड़िता का कहना है कि उस समय उन्हें बिल्कुल एहसास नहीं हुआ कि उनके साथ क्या हो रहा है। उन्हें ऐसा लगा जैसे वह बदमाशों के प्रभाव में आ गई हों। कुछ देर बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए।
घर पहुंचने पर महिला को पता चला कि उनके जेवर गायब हैं। इसके बाद उन्होंने हबीबगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

More Stories
इंस्टाग्राम पर दोस्ती, शादी का वादा और फिर ब्लैकमेलिंग; युवती के शोषण के आरोप में युवक गिरफ्तार
गुना: विवाहिता की गला रेतकर निर्मम हत्या, जीजा के मकान में मिला शव
नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, दोस्त को बंधक बनाकर दिया वारदात को अंजाम