मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक मिशनरी स्कूल पर जबरन धर्मांतरण का दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगे हैं। शहर के सेंट एलॉयसिस स्कूल की महिला कर्मचारियों ने स्कूल प्रबंधन पर ईसाई धर्म अपनाने के लिए मजबूर करने और इनकार करने पर नौकरी से निकालने का आरोप लगाया है। मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि दो दिन पहले स्कूल प्रबंधन ने कुछ महिला कर्मचारियों को विशेष रूप से चर्च बुलाया था। पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि वहां फादर सोमी जैकब समेत स्कूल के वरिष्ठ स्टाफ ने उन पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाया। महिलाओं का कहना है कि जब उन्होंने धर्म परिवर्तन से इनकार किया तो उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया।
पीड़ित कर्मचारियों के मुताबिक उन्हें साफ तौर पर कहा गया कि यदि स्कूल में नौकरी करनी है तो चर्च आना होगा और ईसाई धर्म अपनाना पड़ेगा। नौकरी जाने के बाद महिलाओं ने पुलिस से शिकायत कर न्याय की मांग की है।
फरियादी दीपा पटेल ने बताया कि वह करीब डेढ़ साल से स्कूल में सफाई कर्मचारी के रूप में काम कर रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया, मारपीट की गई और फिर नौकरी से बाहर कर दिया गया। दीपा ने कहा कि उनके पति नहीं हैं और दो छोटे बच्चे हैं, ऐसे में नौकरी छिन जाने से परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
मामले के सामने आने के बाद हिंदू धर्म सेना समेत कई हिंदू संगठनों ने विरोध शुरू कर दिया है। संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। उनका आरोप है कि मिशनरी स्कूलों में गरीब और जरूरतमंद कर्मचारियों पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा है।
हिंदू धर्म सेना से जुड़े नीरज राजपूत ने दावा किया कि स्कूल में काम करने वाले कई कर्मचारियों को लंबे समय से ईसाई धर्म अपनाने के लिए कहा जा रहा था। उनका कहना है कि कर्मचारियों से चर्च जाने और प्रार्थना करने का दबाव बनाया जाता था। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
वहीं मामले में एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने कहा कि कुछ कर्मचारियों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ शिकायत दी है। शिकायत में धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने और नौकरी से निकालने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है और जांच में आरोप सही पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
भोपाल: रिटायर्ड जज और उसके वकील बेटे पर ‘दहेज हत्या’ का केस, बहू की मौत के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन!
भोपाल में पार्टी बनी मातम, रिसोर्ट के स्विमिंग पूल में डूबने से 22 वर्षीय युवक की मौत!
रीवा में लोकायुक्त का बड़ा एक्शन, रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार!