V India News

Web News Channel

महाकाल दर्शन करने आए परिवार से मारपीट, बच्चे का हाथ टूटा; VIDEO आया सामने!

महाकाल मंदिर में श्रद्धालुओं के साथ बदसलूकी का मामला एक बार फिर सामने आया है। गाजियाबाद से दर्शन करने पहुंचे एक परिवार के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई, जिसमें मासूम बच्चे का हाथ टूट गया, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच विवाद और हंगामा दिखाई दे रहा है।

जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी विश्वबंधु मेहरा अपनी पत्नी और बच्चे के साथ 6 मई को उज्जैन पहुंचे थे। परिवार चौबीस खंभा और हरसिद्धि मार्ग क्षेत्र स्थित एक होटल में ठहरा हुआ था। बुधवार रात करीब 11:30 बजे शयन आरती देखने के बाद परिवार होटल लौट रहा था। इसी दौरान 24 खंभा और हरसिद्धि मार्ग के पास स्थित एक परचून दुकान से सामान खरीदने के दौरान विवाद हो गया।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि मामूली कहासुनी के बाद दुकानदार ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल शुरू कर दिया। विरोध करने पर दुकानदार दुकान से बाहर आया और विश्वबंधु मेहरा के साथ मारपीट करने लगा। आरोप है कि उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक ने भी हमला किया।

विश्वबंधु मेहरा ने बताया कि उन्होंने घटना के दौरान अपनी पत्नी को फोन किया, जो बच्चे के साथ होटल में थीं। जब पत्नी और बच्चा मौके पर पहुंचे तो वहां मौजूद कुछ महिलाओं ने भी उनके साथ हाथापाई की। मारपीट में बच्चे का हाथ टूट गया, जबकि मेहरा के सिर और हाथ में चोटें आई हैं।

घटना के बाद परिवार पुलिस थाने पहुंचा, जहां उन्हें मेडिकल परीक्षण कराने की सलाह दी गई। इसके बाद परिवार चरक अस्पताल पहुंचा और उपचार के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।

पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि धार्मिक नगरी में श्रद्धालुओं के साथ इस तरह की घटनाएं शहर की छवि और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।