V India News

Web News Channel

Ujjain; महाकाल दर्शन से पहले मातम: सड़क हादसे में तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत!

उज्जैन के इंदौर रोड पर पंथपिपलई के पास गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां ऑटो और आयशर वाहन के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ऑटो पूरी तरह चकनाचूर हो गया। दुर्घटना में ऑटो में सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

नानाखेड़ा थाना पुलिस के मुताबिक मृतक युवक इंदौर के रहने वाले थे और गुरुवार रात करीब 2 बजे ऑटो से श्री महाकालेश्वर के दर्शन करने उज्जैन आ रहे थे। ऑटो में चिराग सोलंकी, विशाल रावत, गोलू उर्फ आकाश ठाकुर और चालक जितेंद्र कछवाय सवार थे।

तेज रफ्तार आयशर ने मारी टक्कर

पंथपिपलई स्थित वाटर पार्क के पास उज्जैन से इंदौर की ओर जा रहे तेज रफ्तार आयशर वाहन ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे में चिराग सोलंकी, गोलू उर्फ आकाश ठाकुर और विशाल रावत की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ऑटो चालक जितेंद्र कछवाय गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने ऑटो में फंसे लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया।

जेब में मिले दस्तावेजों से हुई पहचान

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान उनकी जेब में मिले दस्तावेजों के आधार पर की गई। मृतकों की पहचान गोलू उर्फ आकाश पिता दीपक ठाकुर, चिराग पिता संजय सोलंकी और विशाल पिता राजकुमार रावत के रूप में हुई। तीनों इंदौर के अरण्य नगर और लसूड़िया क्षेत्र के निवासी थे। वहीं घायल चालक जितेंद्र कछवाय भी इंदौर का रहने वाला है।

परिजन पहुंचे उज्जैन, कराया गया पोस्टमार्टम

घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन उज्जैन पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि चारों युवक महाकाल दर्शन के लिए घर से निकले थे। शुक्रवार को तीनों युवकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद परिजन शव लेकर इंदौर रवाना हो गए। नानाखेड़ा थाना पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद आयशर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल फरार चालक की तलाश की जा रही है।